Parliament Joint Meeting: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सेनाओं में सुधार का दावा

0
16
Parliament Joint Meeting राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सेनाओं में सुधार का दावा
Parliament Joint Meeting: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सेनाओं में सुधार का दावा

President Draupadi Murmu Address, (आज समाज), नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित किया। 18वीं लोकसभा के गठन के बाद संसद की संयुक्त बैठक में उनका यह पहला संबोधन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली नवनिर्वाचित सरकार की प्राथमिकताओं को सामने रखते हुए सबसे पहले मुर्मू ने लोक सभा के सभी नव निर्वाचित सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही देश के सामने सरकार का विजन रखते हुए राष्ट्रपति ने सेना में सुधारों का दावा किया।

बहुत कम लोगों को मिलता है देशसेवा का सौभाग्य

राष्ट्रपति ने कहा, लोकसभा के सभी नव निर्वाचित सदस्य देश के मतदाताओं का विश्वास जीतकर यहां आए हैं। बहुत कम लोगों को देशसेवा और जनसेवा का यह सौभाग्य मिलता है। मुझे पूरा भरोसा है कि आप राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाएंगे। सभी 140 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं की पूर्ति का माध्यम बनेंगे।

लोकसभा चुनाव दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, यह दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव था। करीब 64 करोड़ मतदाताओं ने उत्साह और उमंग के साथ अपना कर्तव्य निभाया है। इस बार भी महिलाओं ने बढ़-चढ़ कर मतदान में हिस्सा लिया है। इस चुनाव की बहुत सुखद तस्वीर जम्मू-कश्मीर से भी सामने आई है। कश्मीर घाटी में वोटिंग के अनेक दशकों के रिकॉर्ड टूटे हैं।

दुनिया भर में हो रही आम चुनावों की चर्चा

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, 2024 के लोकसभा चुनाव की चर्चा आज पूरी दुनिया में है। दुनिया देख रही हैं कि भारत के लोगों ने लगातार तीसरी बार स्थिर व स्पष्ट बहुमत की सरकार बनाई है। छह दशक बाद ऐसा हुआ है। ऐसे समय में जब भारत के लोगों की आकांक्षाएं सर्वोच्च स्तर पर हैं, लोगों ने मेरी सरकार पर लगातार तीसरी बार भरोसा जताया है।

राज्य के विकास से देश का विकास

राष्ट्रपति ने कहा, मेरी सरकार का मत है कि विश्वभर से निवेशकों को आकर्षित करने के लिए राज्यों में स्वस्थ स्पर्धा हो। उन्होंने कहा, यही कंपटीटिव को-आॅपरेटिव फेडरलिज्म की सच्ची स्पिरिट है। राज्य के विकास से देश के विकास की भावना के साथ हम आगे बढ़ते रहेंगे।

भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था

राष्ट्रपति ने कहा, परिवर्तन, सुधार व प्रदर्शन के संकल्प ने आज भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना दिया है। 10 साल में भारत 11वें नंबर की अर्थव्यवस्था से ऊपर उठकर पांचवें नंबर पर पहुंचा है। 2021 से लेकर साल 2024 के बीच भारत ने औसतन 8 फीसदी की रफ्तार से विकास किया है।

अर्थव्यवस्था के तीनों स्तंभों को बराबर महत्व दे रही सरकार

प्रेसीडेंट ने कहा, मेरी सरकार अर्थव्यवस्था के तीनों स्तंभों विनिर्माण, सेवाएं और कृषि को बराबर महत्व दे रही है। पीएलआई योजना व ईज आॅफ डूइंग बिजनेस से बड़े पैमाने पर निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। पारंपरिक सेक्टर्स के साथ-साथ सनराइज सेक्टर्स को भी मिशन मोड पर बढ़ावा दिया जा रहा है।

पीएम किसान सम्मान निधि से किसानों को काफी फायदा

राष्ट्रपति ने कहा, किसान अपने छोटे खर्चे पूरे कर सकें, इसके लिए पीएम किसान सम्मान निधि के तहत उन्हें 3 लाख 20 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा राशि दी जा चुकी है। मेरी सरकार के नए कार्यकाल के शुरूआती दिनों में ही किसानों को 20 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है। सरकार ने खरीफ फसलों के लिए टरढ में भी रिकॉर्ड वृद्धि की है।

आर्गेनिक उत्पादों की दुनिया में बढ़ रही डिमांड

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, आजकल आर्गेनिक उत्पादों को लेकर दुनिया में डिमांड तेजी से बढ़ रही है। भारत के किसानों के पास इस डिमांड को पूरा करने की भरपूर क्षमता है। इसलिए सरकार प्राकृतिक खेती और इससे जुड़े उत्पादों की सप्लाई चेन को सशक्त कर रही है। ऐसे प्रयासों से किसानों का खेती पर होने वाला खर्च भी कम होगा और उनकी आय भी और बढ़ेगी। नई लोकसभा का पहला सत्र गत सोमवार को शुरू हुआ था। इसके अलावा राज्यसभा का 264वां सत्र आज से शुरू होगा।

SHARE