आज पैतृक गांव शेरा लाया जाएगा जवान का पार्थिव शरीर
Panipat News (आज समाज) पानीपत: हरियाणा के पानीपत का एक जवान श्रीनगर में आतंकवादियों से मुठभेड़ में सत्यजीत को गोली लग गई थी। सत्यजीत को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान गत दिवस सत्यजीत की मौत हो गई। शहीद जवान का गत दिवस पार्थिव शरीर श्रीनगर से हेलिकॉप्टर के जरिए दिल्ली भेजा गया।
यहां से आज उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव शेरा में लाया जाएगा। जहां जवान का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। अब परिवार में सत्यजीत के एक छोटे भाई हैं, जो परिवार के साथ मतलौडा में रहते हैं।
5 अप्रैल को होनी थी शादी
सत्यजीत की करीब दो महीने बाद 5 अप्रैल को शादी होनी थी। जिसको लेकर घर में तैयारियां चल रहीं थी। वह खुद भी इसकी तैयारियों में जुटे हुए थे। 3 दिन पहले ही शादी की शॉपिंग करके ड्यूटी पर लौटे थे।
9 फरवरी को लौटा का ड्यूटी पर
पिता सज्जन सिंह ने बताया कि सत्यजीत 6 साल पहले स्पोर्ट्स कोटे से सेना की आरआर राइफल बटालियन में बतौर सिपाही भर्ती हुए थे। वह दो साल पहले हवलदार के पद पर पदोन्नत हुए थे। भर्ती होने से पहले उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर भी कई मेडल जीते थे।
उनको हाल में ही आर्मी कमांडर पत्र से भी नवाजा गया था। पिता बताते हैं कि 2 महीने बाद शादी थी इसलिए सत्यजीत शॉपिंग के लिए छुट्टी पर घर आए थे। शादी के वक्त ज्यादा लोड न पड़े, इसलिए कपड़े तैयार करवा लिए थे। 9 फरवरी को ही वो अपनी छुट्टियां खत्म कर ड्यूटी पर लौटे थे।
10 फरवरी को लगी गोली
सज्जन सिंह बताते हैं कि 10 तारीख को उनके पास फोन आया कि सत्यजीत को गोली लगी है। ये सूचना मिलते ही पूरा परिवार चिंतित हो गया। परिवार बेटे के स्वस्थ होने की कामना कर ही रहा था कि 11 फरवरी को दोबारा फोन आया और बताया गया कि सत्यजीत शहीद हो गए हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। हालांकि परिवार को ये नहीं पता लगा कि ये गालियां किस तरह लगी है।
पिता सेना से सूबेदार के पद से रिटायर्ड
सत्यजीत के पिता सज्जन सिंह खुद सेना से सूबेदार के पद से रिटायर्ड हैं। करीब आठ साल पहले वह सेना से रिटायर हुए थे। सत्यजीत अपने पिता सज्जन सिंह से काफी प्रभावित थे। वह हमेशा से ही अपने पिता की तरह देश की सेवा करना चाहते थे। यही कारण था कि स्पोर्ट्स में अच्छा करने के बावजूद उन्होंने सेना में जाना चुना।
ये भी पढ़ें : हरियाणा के करनाल, कुरुक्षेत्र और पानीपत में गरीबी बढ़ी