पानीपत में सौतेले दादा ने किया पांच माह के पोते का अपहरण

0
203
आज समाज डिजिटल, Panipat News :
पानीपत। शहर के किशनपुरा में एक सौतेले दादा द्वारा अपने 5 माह के पोते का अपहरण करने का मामला सामने आया है। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। आरोपी को किसी तरह बेटे ने पकड़ा, लेकिन उसके पास बच्चा नहीं था। पूछताछ में आरोपी ने बच्चे को जींद में किसी को दे आने की बात कही है। सेक्टर 29 थाना पुलिस को दी शिकायत में कैलाश ने बताया कि वह दुर्गा मंदिर किशनपुरा का रहने वाला है। 4 जुलाई 2022 की सुबह करीब 10 बजे उसका सौतेला पिता चंद्रगुप्त उसके 5 माह के बेटे कार्तिक को उठ ले गया। अब वह नहीं बता रहा कि उसका बेटा कहां है। कैलाश का कहना है कि इस वारदात में बच्चे की दादी का भी हाथ है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ऐसे हुआ खुलासा

जानकारी देते हुए कैलाश ने बताया कि वह 22 जून को अपनी पत्नी कविता के साथ धार्मिक यात्रा पर निकला था। वह अपने 5 माह के बच्चे को अपनी मां कृष्णा के पास छोड़ गया था। क्योंकि बच्चा मां का दूध नहीं पीता था, इसलिए भी वह बच्चे को छोड़ गए थे। 4 जून को वे वापस लौटे तो मां ने बताया कि बच्चे को नीचे किरायेदार खिला रहे थे। सुबह 10 बजे उसे उसका सौतेला दादा चंद्रगुप्त उठा ले गया था। जिसके बाद से दोनों ही गायब हैं। तलाश शुरू की गई। क्षेत्र में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में चंद्रगुप्त घर की तरफ आता दिखाई दे रहा है, मगर वहां से जाता हुआ दिखाई नहीं दिया।

आरोपी ने बताया कि उसने बच्चा जींद में किसी को दिया

इसके अलावा खन्ना रोड पर एक मिठाई की दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में चंद्रगुप्त बच्चे को गोद में ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ करते हुए कैलाश जीटी रोड स्थित निर्माणाधीन गुरुद्वारे के पास पहुंचा। जहां उसने समाजसेवियों की तरफ से बंटने वाले भोजन को खाने वाले लोगों से चंद्रगुप्त के बारे में पूछताछ की। लोगों ने बताया कि वह रोजाना यहां आकर खाना खाता है। कैलाश वहां रुककर चंद्रगुप्त के आने का इंतजार करने लगा। कुछ देर बाद चंद्रगुप्त वहां आया, जिसे लोगों की मदद से मौके पर पकड़ लिया, लेकिन चंद्रगुप्त के पास बच्चा नहीं था। मौके पर पुलिस को बुलाया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने बच्चा जींद में किसी को दिया है।

ये भी पढ़ें : कार्तिकेय शर्मा की जीत को लेकर समस्त ब्राह्मण समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री का किया धन्यवाद

ये भी पढ़ें : खुल गया प्रगति मैदान सुरंग, पीएम मोदी ने किया टनल और अंडरपास का उद्घाटन