
आज समाज डिजिटल, पानीपत :
पानीपत। प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय के जिले के गांव सिवाह स्थित सेवाकेंद्र पर महिला दिवस एवं होली पर्व के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बतौर मुख्य वक्ता सेक्टर -25 सेवाकेंद्र की संचालिका बीके अंजू ने शिरकत की। इस मौके पर सिवाह सेवाकेंद्र की संचालिका बीके मोनिका एवं नीतू भी मुख्य रूप से मौजूद रही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता बीके अंजू ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं को महिला दिवस एवं होली पर्व की शुभकामनाएं दी।

हर कर्म शिव की याद में करें तो घर में शांति और सुकून दोनों आ जाएंगे
तत्पश्चात उन्होंने कहा की महिला अपने आप में ही एक शक्ति है। जिसका रूप भले एक है, लेकिन भूमिकाएं अनेक प्रकार की निभाती हैं। खुद को कभी कमजोर न समझें। आप शक्ति हो और शक्ति को अगर शिव से जोड़ दिया जाए तो शिव शक्ति बन जाती है। उन्होंने महिलाओं का आह्वान किया कि वो शिव परमात्मा के वास्तविक नाम रूप को पहचान अपने जीवन को उनके कहे अनुसार चलाए हर कर्म शिव की याद में करें तो घर में शांति और सुकून दोनों आ जाएंगे। होली का रहस्य बताते हुए उन्होंने कहा कि होली बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। होली शब्द के तीन अर्थ होते हैं। एक हो ली अर्थात जो हो ली सो हो ली, बीत गई। बीती बातों का चिंतन नही करना चाहिए। दूसरा होली अर्थात पवित्र और तीसरा होली अर्थात मैं परमात्मा की हो ली।

हर त्योहार के वास्तविक महत्व और रहस्य को जानकर उसे विधि अनुसार मनाना चाहिए
सिवाह सेवाकेंद्र की संचालिका बीके मोनिका बहन ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और सबको महिला दिवस व होली पर्व की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि हमें हर त्योहार के वास्तविक महत्व और रहस्य को जानकर उसे विधि अनुसार मनाना चाहिए। बीके नीतू ने मंच संचालन किया। इस दौरान बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम के पश्चात ब्रह्मा भोजन का आयोजन किया गया। इस मौके पर संस्था से जुडी महिलाओं के अलावा काफी संख्या में ग्रामीण महिलाएं व गणमान्य मौजूद रहे।