Panipat News : समाजसेविका कंचन सागर की सेवाओं को सम्मान देते हुए आयोजित किया ”अभिनंदन ग्रंथ” लोकार्पण समारोह

0
239
Honoring the services of social worker Kanchan Sagar,

(Panipat News) पानीपत। माता सीता रानी सेवा संस्था के 32 वर्ष पूरे होने पर संस्था की अनन्य सहयोगी एवं सामाजिक कार्यकर्ता कंचन सागर की सेवाओं को सम्मान देते हुए एडवोकेट राम मोहन राय द्वारा संपादित अभिनंदन ग्रंथ लोकार्पण करने का समारोह आर्य कॉलेज, पानीपत के सभागार में आयोजित किया गया। इस अवसर पर उन्हें उनके जीवन से संबंधित परिचय एवं कार्यों को उल्लेखित करते हुए उनके साथियों के द्वारा लिखे लेखों के आधार पर अभिनंदन ग्रंथ समर्पित किया गया, जिसका विमोचन आर्य कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने किया।

सामाजिक कार्यकर्ता समाज की रीढ़

मुख्य अतिथि के रूप में अपने विचार प्रकट करते हुए डी.ए.वी. कालेज प्रबंधन समिति दिल्ली के कोषाध्यक्ष डॉ. एम.सी. शर्मा ने कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता समाज की रीढ़ होते हैं । उनका सम्मान पूरे समाज को प्रेरणा देता है। माता सीता रानी सेवा संस्था विगत 32 वर्षों से महिला सशक्तिकरण के लिए कार्यरत है। संस्था के अनेक कार्यों में महिलाओं का पुनर्वास, स्वास्थ्य एवं परामर्श का कार्य उल्लेखनीय है। वर्तमान में संस्था द्वारा संचालित हाली अपना स्कूल एक ऐसा कार्य है जो शिक्षण एवं प्रशिक्षण का अद्भुत कार्य कर रहा है।

कंचन एक ऐसी प्रेरणा है जो अन्य महिलाओं को भी करती है प्रेरित करती

महात्मा गांधी द्वारा स्थापित हरिजन सेवक संघ की राष्ट्रीय मंत्री उर्मिला श्रीवास्तव ने कहा कि कंचन सागर का संपूर्ण जीवन असहाय एवं निराश्रित महिलाओं को समर्पित रहा है। वे एक ऐसी प्रेरणा है जो अन्य सभी महिलाओं को कार्य करने के लिए प्रेरित करती हैं। महिला चेतना केंद्र दिल्ली की संस्थापक अध्यक्ष वीना बहन ने कहा कि उन्होंने न केवल माता सीता रानी जी के साथ काम किया है अपितु महान रचनात्मक कार्यकर्ता एवं संत विनोबा भावे की मानस पुत्री निर्मला देशपांडे जी के साथ भी कार्य किया है। कंचन सागर अवश्यमेव ऐसी विशेषता संजोए होगी जिस कारण माता सीता रानी सेवा संस्था ने उनका स्वागत किया।

सामाजिक कार्यकर्ता का जीवन मोमबत्ती की तरह

खादी आश्रम की अध्यक्ष निर्मल दत्त ने कहा कि महात्मा गांधी के कार्यों से जुड़कर सत्य पर चलना एक बाजीगर की रस्सी पर चलना है। सामाजिक कार्यकर्ता अपना पूरा जीवन मोमबत्ती की तरह जलाकर समाज को आलोकित करता है। माता सीता रानी सेवा संस्था का यह प्रयास सराहनीय है और इसकी जितनी प्रशंसा की जाए कम है। इस अवसर पर एडवोकेट राममोहन राय, सपोर्ट फॉर एनलाइटमेंट की जेसिंथा रीमा बरूआ, प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. कृष्णा सांगवान, सामाजिक कार्यकर्ता सागर भाटिया, समाजसेवी नवल किशोर मल्होत्रा, राघव मल्होत्रा, गरिमा राघव मल्होत्रा, रजनी बेनीवाल, दीपक कथूरिया, नीरू विज, संस्था अध्यक्ष कृष्णा कांता, महासचिव पूजा सैनी, हाली अपना स्कूल की मुख्य अध्यापिका प्रिया लूथरा, रोजी चावला, इनर व्हील क्लब पानीपत के पदाधिकारी, नारी कल्याण समिति के पदाधिकारी विशेष रूप से मौजूद रहे।