पानीपत। डॉ. एमकेके आर्य मॉडल स्कूल पानीपत के तत्वाधान में शनिवार को विद्यालय के निर्देशक रोशन लाल सैनी, प्राचार्य मधुप पराशर, शैक्षिक सलाहकार मंजू सेतिया व मीरा मारवाह के कुशल मार्गदर्शन में ‘अलंकरण समारोह’ का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम खेल विभागाध्यक्ष बनेश शर्मा, विशाल बल्हारा, प्रवीण चौहान और निशा के मार्गदर्शन में विद्यालय के बैंडसमूह द्वारा प्रांगण में संगीत की मधुर ध्वनि तथा कदमताल के साथ प्रवेश कर अलौकिक दृश्य प्रस्तुत किया जो सभी को रोमांचित कर देने वाला रहा। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके उपरांत विद्यालय के छात्र- छात्राओं ने विद्यालय गीत गाकर सभी का मन मोह लिया।
सभी सदनों के कप्तानों को सैशे और टाई प्रदान की
छात्रों में नेतृत्व के गुणों को विकसित करने और उन्हें प्रशासनिक विभाग में कर्मठता की भावना भरने के लिए, साक्षात्कार और चयन के बाद इस समारोह का आयोजन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए किया गया। इस प्रकार के समारोह से बच्चों में बौद्धिक और मानसिक विकास होता है और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। विद्यालय के नियमों का पालनकर दूसरे विद्यार्थियों के सामने एक आदर्श प्रस्तुत करते हैं। विद्यालय के निर्देशक रोशन लाल सैनी, विद्यालय के प्राचार्य मधुप पराशर ने सभी सदनों आस्था, अहिंसा, निष्ठा व शक्ति के कप्तानों को सैशे और टाई प्रदान की।
Panipat News/At Dr. MKK Arya Model School Panipat
अच्छे नागरिक बनने की ली शपथ
उन्होंने कैबिनेट के सभी सदस्यों को शपथ दिलाई कि वह अपने विद्यालय के प्रति सभी कर्तव्यों का पालन करेंगे और अपने उत्तरदायित्व को पूरी निष्ठा से निभाएंगे और देश के अच्छे नागरिक बनेंगे। विद्यालय के प्राचार्य मधुप पराशर ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि यदि उनमें अपने विद्यालय के प्रति उत्तरदायित्व की भावना होगी, तभी वे दृढ़ निश्चय और परिश्रम के बल पर आकाश की ऊँचाइयों को छू सकते हैं, वहीं विद्यालय को प्रगति के पथ पर अग्रसर कर सकते हैं।
हैड बॉय माधव मुंजाल और हैड गर्ल ओझल पुनिया
विद्यालय के निर्देशक ने कैबिनेट के सभी सदस्यों को शपथ दिलाते हुए कहा कि वे अपने विद्यालय के उत्तरदायित्व को पूरी निष्ठा व लगन से निभाएंगे। इसके पश्चात विद्यालय के हैड बॉय माधव मुंजाल और हैड गर्ल ओझल पुनिया ने निर्देशक, प्रधानाचार्य व अध्यापकगण के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे विद्यालय के सभी कार्यों को पूर्ण निष्ठा व लगन से निभाएंगे। कैबिनेट के सदस्यों ने विद्यालय के निर्देशक और प्राचार्य मधुप पराशर को विश्वास दिलाया कि वह अपने उत्तरदायित्व को ईमानदारी से निभाएंगे।