
आज समाज डिजिटल, पानीपत :
पानीपत। आईबी पीजी कॉलेज के 12 विद्यार्थियों ने यूथ रेड क्रॉस संयोजिका एवं भौतिकी विभागाध्यक्षा प्रो. सोनिया के नेतृत्व में जिला स्तरीय यूथ रेड क्रॉस प्रशिक्षण शिविर में भाग लिया। यह शिविर इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी चंडीगढ़ के सौजन्य से जिला रेड क्रॉस सोसाइटी पानीपत द्वारा एसडी महाविद्यालय पानीपत में आयोजित हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ अजय कुमार गर्ग ने कहा कि रेडक्रॉस का उद्देश्य मानव जीवन की रक्षा करना है। किसी भी देश में किसी परेशानी के दौरान यह संस्था सामने आकर ज्यादा से ज्यादा मानव जीवन की रक्षा करती है।
रेडक्रॉस का मुख्य कार्य मानव सेवा
यूथ रेड क्रॉस संयोजिका प्रो. सोनिया ने कहा कि रेडक्रॉस का मुख्य कार्य मानव सेवा है। रेड क्रॉस इंसानियत और आपसी सद्भाव के भाव हर एक कार्यकर्ता में पैदा करता है। इस शिविर में आईबी महाविद्यालय के छात्र मनीष और छात्रा मानसी ने क्विज़ प्रतियोगिता में तृतीय और आयशा नूर ने गायन में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों का नेतृत्व करने के लिए यूथ रेडक्रॉस संयोजिका प्रो. सोनिया को ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार गर्ग ने इन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों व भौतिकी विभागाध्यक्षा यूथ रेड क्रॉस संयोजिका प्रो. सोनिया को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी और सराहना की। इस अवसर पर कॉलेज उप-प्राचार्य प्रो. पीके नरूला, प्रो. सोनिया, लिपिक प्रेम बजाज, ममता आदि मौजूद रहे।