Lord Parshuram Jayanti Festival At Panchkula, (आज समाज), पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित भगवान परशुराम जयंती महोत्सव में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहुंच चुके हैं। उनके साथ सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा भी कार्यक्रम में पहुंचे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित विनोद शर्मा ने मुख्यमंत्री को मोमेंटो भेंटकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम के संयोजक व राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने मुख्यमंत्री को फरसा भेंटकर उनका स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को शॉल व मोमेंटो भी भेंट किया।

अरविंद शर्मा  का भी जोरदार स्वागत

कार्तिकेय शर्मा ने अरविंद शर्मा  का भी जोरदार स्वागत किया। वहीं गुरुकुल के विद्यार्थियों ने वेदमंत्रो के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। ओलंपिक पदक विजेता योगेश्वर दत्त भी समारोह में पहुंचे हैं। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक व  त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री विप्लव देव भी सम्मेलन में पहुंचे हैं। कार्तिकेय शर्मा ने सभी का भव्य स्वागत किया।

महोत्सव में पहुंचे हरियाणा के सभी जिलों से लोग

भगवान परशुराम जयंती के पावन अवसर पर आयोजित राज्यस्तरीय महोत्सव में हरियाणा के सभी जिलों से लोग पहुंचे हैं। वहीं देश के कई राज्यों से कई गणमान्य लोग व साधु-संत एवं समाजसेवी भी समारोह में पहुंचे हैं। सभी का सांसद कार्तिकेय शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा और कालका से बीजेपी विधायक शक्ति रानी शर्मा ने स्वागत किया।

कार्तिकेय शर्मा का प्रयास बहुत सराहनीय : जनरल डीपी वत्स

जनरल डीपी वत्स ने कहा कि कार्तिकेय शर्मा का यह प्रयास बहुत सराहनीय है उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम ने जो विचारधारा अपनाई थी वह आज भी कायम है। पहलगाम में जो हादसा हुआ वह उग्रवाद की चरम सीमा है इसलिए अब भगवान परशुराम की तरह देश को अस्त्र-शस्त्र उठाकर पाप का नाश करने के लिए आगे आना होगा क्योंकि जो ताकत हमारे पास है उसको प्रयोग करते हुए अब राक्षसों का नाश करना होगा। मोदी जी ने सिंधु समझोता तोड़कर बड़ा कदम उठाया है और अगर यह लागू हो गया तो पाकिस्तान एकदम खत्म हो जाएगा।

शक्ति रानी शर्मा ने किया एमपी रेखा शर्मा का स्वागत

शक्ति रानी शर्मा ने राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा का बुके देकर स्वागत किया। रेखा शर्मा ने इस दौरान कहा कि पाकिस्तान की शह पर पहलगाम में आतंकियों ने जिस क्रूर घटना को अंजाम दिया है उसकी दुनिया भर में कड़ी निंदा की जा रही है। यह बेहद शर्मनाक है। आज पूरा देश घटना के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ा है। हरियाणा के लोग संकट की इस घड़ी में प्रधानमंत्री के साथ कंधा से कंधा मिलाकर चलेंगे। रेखा शर्मा ने कहा, हिंदू धर्म से बड़ा कोई धर्म नहीं है। सभी लोगों के लिए धर्म पहले है।

लोगों की सेवा के लिए तत्पर रहते हैं मुख्यमंत्री : सहकारिता मंत्री

सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा के प्रदेश को ऐसा मुख्यमंत्री मिला है जो हमेशा लोगों की सेवा के लिए तत्पर रहते हैं। ब्राह्मण समाज कभी जातिवाद नहीं रहा। उसने हमेशा समाज को जोड़ने का काम किया है। अगर ब्राह्मण जातिवादी होता तो आज देश इतना संगठित नहीं होता। ब्राह्मणों के भीतर 36 बिरादरी निवास करती हैं।

मुख्यमंत्री जो कहते हैं वह करते हैं

अरविंद शर्मा ने कहा, करनाल सम्मेलन में जो घोषणाएं हुई थी मुख्यमंत्री जी से अनुरोध है की इन घोषणाओं  को भी समाज के लिए पूरा करें क्योंकि लोगों को विश्वास है कि मुख्यमंत्री जो कहते हैं वह करते हैं। सम्मेलन में पूरे प्रदेश के कोने-कोने से लोग आए हैं पहलगाम में जो घटना हुई उसकी निंदा करते हैं।

ये भी पढ़ें: Lord Parshuram Jayanti Festival: पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में प्रदेश के सभी जिलों से उमड़ा जनसैलाब