कहा, इस्लामाबाद के नेता समझदारी दिखाएंगे और भारत के साथ संबंध सुधारने का रास्ता अपनाएंगे

PM Modi News (आज समाज), नई दिल्ली : हम हमेशा शांति के पक्षधर रहे हैं। हमारा शुरू से ही यही नियम है कि शांति के साथ आगे बढ़ो और दूसरों को भी आगे बढ़ने में मदद करो। हमारी विदेश नीति का भी यही असूल है लेकिन हमारे पड़ौसी देश ऐसी विदेश नीति नहीं अपनाते। यह देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पाकिस्तान के बारे में उस समय कहा जब एक कार्यक्रम के दौरान उनसे भारत और पाकिस्तान के आपसी रिश्तों के बारे में प्रश्न पूछा गया।

हमारी हर पहल का दिया गलत जवाब

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत की हर शांति पहल को पाकिस्तान ने दुश्मनी और विश्वासघात से जवाब दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस्लामाबाद के नेता समझदारी दिखाएंगे और भारत के साथ संबंध सुधारने का रास्ता अपनाएंगे। पीएम मोदी ने यह बातें अमेरिकी पॉडकास्ट होस्ट लेक्स फ्रिडमैन के साथ एक इंटरव्यू में कहीं है। पीएम मोदी ने 2014 में अपने शपथ ग्रहण समारोह में पाकिस्तान के तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को आमंत्रित किया था। उन्होंने कहा, इसका मकसद दोनों देशों के रिश्तों में नई शुरूआत करना था, लेकिन हर बार हमें सिर्फ धोखा और दुश्मनी मिली।

सीमा पार के लोग भी चाहते हैं शांति हो

पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि पाकिस्तान के आम लोग भी शांति चाहते हैं, क्योंकि वे भी आतंकवाद, हिंसा और अस्थिरता से परेशान हैं। उन्होंने कहा, निर्दोष बच्चों की हत्या हो रही है, अनगिनत जिंदगियां बर्बाद हो रही हैं। कोई भी सामान्य नागरिक ऐसा माहौल नहीं चाहता। पीएम मोदी ने कहा कि 2014 में दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) के सभी नेताओं को बुलाने का फैसला भारत की मजबूत कूटनीति का प्रमाण था। इसे लेकर पीएम मोदी ने कहा, ‘हमारे तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने भी इसे ऐतिहासिक क्षण बताया था। इससे दुनिया को भारत की शांति और सौहार्द के प्रति प्रतिबद्धता का स्पष्ट संदेश मिला।’ लेकिन पाकिस्तान से सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली।

ये भी पढ़ें : Ludhiana Crime News : लुधियाना में मस्जिद पर पथराव, कईं घायल