Pakistani Nationals Leaving India, (आज समाज), नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए घातक आतंकी हमले के बाद भारत सरकार द्वारा बीजा रद किए जाने के बाद से पाकिस्तानियों का भारत से लौटना जारी है। एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक अब तक 786 पाकिस्तानी नागरिक अटारी-वाघा सीमा बिंदु से भारत छोड़कर पाकिस्तान चले गए हैं। उन्होंने बताया कि इसी दौरान अटारी-वाघा सीमा के माध्यम से कुल 1376 भारतीय पाकिस्तान से वापस लौटे हैं।

ये लोग ‘भारत छोड़ो’ नोटिस से बाहर

वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार भारत सरकार ने 24 अप्रैल को घोषणा की थी कि पाकिस्तानी नागरिकों को 27 अप्रैल तक भारत छोड़ देना चाहिए और जिनके पास मेडिकल वीजा है, उन्हें ऐसा करने के लिए 29 अप्रैल तक का समय दिया गया था। राजनयिक, आधिकारिक और दीर्घकालिक वीजा रखने वालों को ‘भारत छोड़ो’ नोटिस से बाहर रखा गया था।

पहलगाम हमले में मारे गए थे 26 पर्यटक

अल्पकालिक वीजा की 12 श्रेणियों में से किसी भी श्रेणी के पाकिस्तानियों के लिए समय सीमा रविवार को समाप्त हो गई। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तानी नागरिकों के ठहरने पर प्रतिबंध लगाया गया था, जिसमें 26 पर्यटक मारे गए थे। सरकार ने भारतीय नागरिकों को पाकिस्तान की यात्रा करने से बचने की सख्त सलाह दी है।

भारतीय नागरिकों को भी जल्द स्वदेश लौटने की सलाह

वर्तमान में पाकिस्तान में मौजूद भारतीय नागरिकों को भी जल्द से जल्द भारत लौटने की सलाह दी गई है। अधिकारी ने कहा, कई लोग दुबई या अन्य मार्गों से उड़ान भरकर चले गए हैं, क्योंकि पाकिस्तान के लिए कोई सीधी उड़ान नहीं है। उन्होंने कहा, हमें उम्मीद है कि और अधिक पाकिस्तानी नागरिक देश छोड़कर जाएंगे, क्योंकि राज्य पुलिस और अन्य केंद्रीय एजेंसियां देश के विभिन्न स्थानों पर रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर रही हैं।

पाकिस्तानियों के खिलाफ की जाएगी सख्त कार्रवाई

केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के साथ घनिष्ठ समन्वय में सभी राज्यों में एक बड़ा सत्यापन अभियान चल रहा है। स्थिति पर कड़ी नजर रखने वाले एक अन्य अधिकारी ने कहा कि पाकिस्तानी नागरिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और अगर वे तय समय (29 अप्रैल) के बाद भी भारत में रुके रहे तो उनके ठहरने को अवैध माना जाएगा।

ये भी पढ़ें: Gujarat: अहमदाबाद में बांग्लादेशी घुसपैठियों के अवैध निर्माण पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू