
यमुना नदी की सफाई कार्य निरीक्षण करने पहुंचे कैबिनेट मंत्री
Delhi News (आज समाज), नई दिल्ली। वर्तमान में राजधानी दिल्ली की राजनीति के दो बड़े अहम मुद्दे हैं प्रदूषित यमुना और वायु प्रदूषण। इस बार लोकसभा चुनाव में भी सभी राजनीतिक दलों ने इन दोनों मुद्दों को खूब उछाला था। जिसके बाद भाजपा ने जनता से वादा किया था कि वह तीन साल में ही यमुना को प्रदूषण मुक्त कर देगी। अब सरकार बनाने के बाद भाजपा ने तेजी से इस दिशा में काम करना शुरू कर दिया है।
10 दिन में 1300 मीट्रिक टन कचरा निकाला गया
दिल्ली के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश वर्मा ने नाव से यमुना का निरीक्षण किया और कहा कि पिछले 10 दिन में नदी से 1,300 मीट्रिक टन कचरा निकाला गया है। बाद में, उन्होंने सफाई कार्यों की प्रगति का आंकलन करने के लिए अधिकारियों के साथ एक बैठक की और कहा, दिल्ली के सभी नालों को सीवेज उपचार संयंत्रों (एसटीपी) से जोड़ा जाएगा और उनकी क्षमता बढ़ाई जाएगी ताकि अपशिष्ट जल को नदी में बहने से रोका जा सके।
बता दें कि भाजपा ने हाल में संपन्न दिल्ली विधानसभा चुनाव में यमुना की सफाई का वादा किया था। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि सीवेज उपचार संयंत्र से संबंधित शिकायतों का समाधान किया जाएगा और दो साल के भीतर सभी एसटीपी स्थापित किए जाने की उम्मीद है।
दिल्ली को बाढ़ से बचाने के प्रयास जारी
वर्मा ने कहा, 2023 में दिल्ली को बाढ़ का सामना करना पड़ा। पहले सभी जलद्वार बंद कर दिए गए थे, लेकिन अब भविष्य में बाढ़ को रोकने के लिए उनकी मरम्मत कर दी गई है और उन्हें ऊंचा कर दिया गया है। मंत्री ने कहा कि हमारी सबसे बड़ी प्रतिबद्धता यमुना को पूरी तरह से साफ करना और उसका पुनरुद्धार करना है। पिछले 10 दिन में 1,300 मीट्िरक टन कचरा निकाला जा चुका है। दिल्ली विकास प्राधिकरण नदी के तल को बहाल करेगा और अतिक्रमण हटाया जा रहा है।
जल्द विकसित होगा यमुना रिवरफ्रंट
वर्मा ने कहा कि हमने दिल्ली विकास प्राधिकरण को यमुना रिवरफ्रंट विकसित करने का निर्देश दिया है, जिससे नदी तट एक पर्यटन और सांस्कृतिक केंद्र में बदल जाएगा। उन्होंने दावा किया कि पिछले दशक में नदी की सफाई के लिए कोई महत्वपूर्ण काम नहीं किया गया, यहां तक कि कागजों पर भी कुछ नहीं किया गया। वर्मा ने कहा कि पिछली सरकार को यमुना के लिए काम करने का ख्याल भी नहीं आया। लेकिन अब, न केवल दिल्ली सरकार बल्कि खुद प्रधानमंत्री कार्यालय भी इसमें शामिल है।