बारिश के साथ चलेंगी तेज हवाएं, तापमान में आएगी कमी

Punjab Weather (आज समाज), चंडीगढ़ : पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मौसम विभाग ने अगले दो दिन यानि आज और कल के लिए प्रदेश में बारिश को लेकर आॅरेंज अलर्ट जारी किया है। ज्ञात रहे कि पंजाब सहित पूरा उत्तर भारत पिछले दो माह से अच्छी बारिश के लिए तरस रहा है। मौसम विशेषज्ञों की माने तो जनवरी और फरवरी में सामान्य से बहुत कम बारिश हुई है। इसी का नतीजा है कि 20 जनवरी के बाद तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया जा रहा है।

मजबूत पश्चिमी विक्षोभ ने जगाई उम्मीद

दो माह सूखे गुजरने के बाद वर्तमान में एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ पिछले दो दिन से सक्रिय है। इसी के प्रभाव के चलते पहाड़ी राज्यों में अच्छी बारिश हुई है। अब यह विक्षोभ मैदानी राज्यों में अपना असर दिखाएगा। इसी के चलते पंजाब, हरियाणा व अन्य राज्यों में अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है।

बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना

पंजाब में अगले दो दिन भारी बारिश को लेकर आॅरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के ज्यादातर जगहों पर भारी बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी। ओलावृष्टि होने की संभावना है। इसके चलते तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। राज्य में अधिकतम तापमान में 4.3 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। इससे यह सामान्य से 4.1 डिग्री ऊपर पहुंच गया है।

फसलों के लिए बारिश अच्छी, ओलावृष्टि नुकसानदायक

पंजाब कृषि प्रधान राज्य है। यहां पर गेहूं की बंपर फसल लगभग तैयार है। गेहूं की फसल पूरे यौवन पर है और दाना पड़ रहा है। इस अवस्था में गेहूं के लिए बारिश अमृत के समान है लेकिन तेज हवा या फिर ओलावृष्टि किसानों के सपनों पर पानी फेर सकती है।

ये भी पढ़ें : Punjab News : हम किसी भी जांच के लिए तैयार : अरोड़ा

ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : सीएम से की शंभू बॉर्डर खुलवाने की मांग