Palwal News : हर जगह एक ही आवाज गूंज रही भरोसा दिल से भाजपा फिर से: पीएम मोदी

0
13
हर जगह एक ही आवाज गूंज रही भरोसा दिल से भाजपा फिर से: पीएम मोदी
Palwal News: हर जगह एक ही आवाज गूंज रही भरोसा दिल से भाजपा फिर से: पीएम मोदी

कहा-कांग्रेस दलितों और पिछड़ों का आरक्षण खत्म कर देगी
Palwal News (आज समाज) पलवल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के पलवल में विशाल जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस को दलित विरोधी, आरक्षण विरोधी बताते हुए झूठ फैलाने वाली पार्टी करार दिया। साथी ही प्रधानमंत्री ने हरियाणा में फिर से भाजपा सरकार बनने का दावा किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हरियाणा में अभी चुनाव अभियान चल रहा है, लेकिन आज जम्मू कश्मीर में अंतिम चरण का मतदान हो रहा है। बड़ी संख्या में लोग लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा ले रहे हैं। मैंने सामान्य कार्यकर्ता के रूप में लंबे समय तक हरियाणा की जमीनी राजनीति को देखा है। बीते दिनों हरियाणा के अलग क्षेत्रों में मुझे चुनाव अभियान के दौरान जनता के बीच जाने का अवसर मिला है। आज गांव-गांव में चारों तरफ भाजपा की लहर है, हर जगह एक ही आवाज गूंज रही हैं कि भरोसा दिल से भाजपा फिर से। प्रधानमंत्री ने कहा कि हरियाणा में हमेशा ही यह चलन रहा है कि केंद्र में जिसकी सरकार रहती है हरियाणा में भी उसकी ही सरकार बनती है।

हरियाणा की इस धरती ने हमें गीता का संदेश दिया है। हरियाणा ने हमें सिखाया है कि काम करो, मेहनत करो, लेकिन कांग्रेस का फॉमूर्ला है कि न काम करो और न दूसरे लोगों को काम करने दो। कांग्रेस की राजनीति केवल झूठे वादों तक सिमित रहती है जबकि भाजपा की राजनीति मेहनत करना और उसे प्रमाणित करने पर केंद्रित है। कांग्रेस को लगता है कि हरियाणा की जनता उन्हें थाली में परोसकर सत्ता दे देंगी, ऐसी ही गलतफहमी कांग्रेस को मध्यप्रदेश में भी थी। वहाँ भी कांग्रेस के लोग पहले ही जीत का जश्न मनाने लग गए थे, लेकिन वोटिंग के दिन मध्यप्रदेश की जनता ने कांग्रेस को दिन में ही तारे दिखा दिए। राजस्थान में भी कांग्रेस ने किसानों और नौजवानों को भाजपा के खिलाफ भडकाने की कोशिश की थी, लेकिन वहाँ भी कांग्रेस धड़ाम हो गई और हरियाणा में भी कांग्रेस के साथ ऐसा ही हाल होने जा रहा है।

बापू-बेटे की राजनीति को चमकाने के लिए दलित मोहरा नहीं बनेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हरियाणा के लोग कांग्रेस को सरकार से सैंकड़ों मील दूर रखने का काम करेंगे। हरियाणा में कांग्रेस के भीतर जो कलह मची है हरियाणा के लोग उससे भी भली भांति वाकिफ है। कांग्रेस से सबसे अधिक नाराजगी दलित, पिछड़े और वंचित समाज की है। दलित समाज ने ठान लिया है कि अब बापू-बेटे की राजनीति को चमकाने के लिए अब दलित मोहरा नहीं बनेंगे। दलित देख रहा कि कैसे भाजपा सबको समान अवसर दे रही है। मुख्यमंत्री नायब सैनी बहुत ही विनम्रता के साथ सबको साथ लेकर चल रहे हैं। कांग्रेस ने 70 वर्षों तक देश पर राज किया और लोगों को बिजली, पानी, सड़क, शौचालय, पक्के घर जैसी मूलभूत सुविधाओं से तरसा कर रखा। कांग्रेस के भ्रष्टाचार का हाल यह था कि एक रुपया अगर दिल्ली से निकलता था गरीब के घर तक जाते जाते 15 पैसा ही बचता था। आज देश पूछ रहा है कि वह कौनसा पंजा था जो एक रुपए को घिस घिस कर 15 पैसा बना देता था।

गरीबों के हक को लूटने वाले गरीबी हटाने का नारा देते थे

गरीबों के हक को लूटने वाले गरीबी हटाने का नारा देते थे। कांग्रेस ने देश के लिए जरूरी हर विषय को उलझाए रखा। कांग्रेस ने अयोध्या में राम मंदिर नहीं बनने दिया, जम्मू कश्मीर में बाबा साहब अंबेडकर का संविधान पूरी तरह से लागू नहीं होने दिया, महिलाओं को संसद में आरक्षण से वंचित रखा, मुस्लिम बहनों को तीन तलाक जैसी कुप्रथा में उलझाए रखा। कांग्रेस ने कभी देश और देशवासियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया बल्कि अपने बेटे, बेटी और अपने परिवार को स्थापित करने में ही अपनी पूरी शक्ति लगा दी। कांग्रेस जवाब दे कि इतने पाप करने के बावजूद भी सरकार बनाने के सपने कैसे देखती है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस के लोग मुझे और नायब सैनी को इसलिए गाली दे रहे हैं क्योंकि हम दोनों अति पिछड़ी जाति की माताओं के बेटे हैं।

पाक अधिकृत कश्मीर को भारत का हिस्सा बनाएंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस धारा 370 वापस लाना चाहती है लेकिन कभी यह नहीं कहती कि हम पाक अधिकृत कश्मीर को वापस भारत का हिस्सा बनाएंगे। कांग्रेस ने देश का मुकुट तोड़ दिया, कश्मीर के टुकड़े कर दिए और इसके लिए पाकिस्तान की सरकार कांग्रेस का भरपूर समर्थन कर रही है। जो कांग्रेस पाकिस्तान को खुश करती है वह हरियाणा को कभी खुश नहीं रख सकती है। कांग्रेस देश की सबसे बेईमान और धोखेबाज पार्टी है। कांग्रेस ने देश की रक्षा करने वाले फौजियों के साथ भी धोखा किया है। कांग्रेस ने 40 वर्षों तक वन रैंक वन पेंशन लागू नहीं होने दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा के चुनावी अभियान का शंखनाद कुरुक्षेत्र से किया गया था और आज इस पावन भूमि पर हम जनता का आशीर्वाद लेने के लिए यहाँ एकत्रित हुए हैं। इस जनसभा में इतनी बड़ी संख्या में आए लोगों को देखकर पूर्ण विश्वास के साथ यह कह सकते हैं कि भारतीय जनता पार्टी हरियाणा में इतिहास रचने जा रही है।

यह भी पढ़ें :  Supreme Court: अवैध मंदिर बना हो या दरगाह, सार्वजनिक सुरक्षा के लिए हटाना जरूरी