बहन के साथ चूल्हे के पास खेल रहा था 2 वर्षीय हरमन
Kaithal News (आज समाज) कैथल: जिले के एक गांव में चूल्हे के पास खेलते हुए 2 वर्षीय बच्चा उबलते पानी में गिर गया। पानी ज्यादा गर्म होने के कारण बच्चा बुरी तरह से झुलस गया। बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना गांव फर्श माजरा की है। परिजनों ने बताया कि हरमन अपनी बहन के साथ खेल रहा था और खेलते-खेलते अचानक चूल्हे पर गिर गया जिसमें गर्म पानी का बर्तन रखा हुआ था। बर्तन में पानी उबल रहा था।
जैसे ही बच्चा उस पर गिरा तो सारा पानी बच्चे के चेहरे और शरीर पर गिर गया। वे उसे तुरंत सिविल अस्पताल कैथल ले गए, लेकिन वहां से उसे निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। निजी अस्पताल से उसे आगे करनाल कल्पना चावला मेडिकल भेज दिया गया। बाद में उसे चंडीगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हरमन अपनी चार बहनों का इकलौता भाई था। एक भाई की पहले ही मौत हो चुकी है। उसका परिवार मेहनत मजदूरी कर अपना गुजारा करता है। पिता शमशेर के बाद हरमन भी अपने परिवार का इकलौता सहारा था। उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, इस घटना से गांव में मातम का माहौल है। गांव के लोगों की आंखें नम हैं। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले में इत्तफाकिया मौत की धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
ये भी पढ़ें : हिसार में जीजा-साली ने जहर निगल कर की आत्महत्या