Delhi Breaking News : अब दिल्ली नगर निगम में भी भाजपा सरकार

0
92
Delhi Breaking News : अब दिल्ली नगर निगम में भी भाजपा सरकार
Delhi Breaking News : अब दिल्ली नगर निगम में भी भाजपा सरकार

भाजपा के राजा इकबाल बने मेयर, अपने प्रतिद्वंदी को 125 मतों से हराया

Delhi Breaking News (आज समाज), नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा में भाजपा की सरकार बनने के बाद अब नगर निगम में भी भाजपा के मेयर व डिप्टी मेयर बनने से अब दिल्ली में ट्रिपल इंजन सरकार बन गई है। शुक्रवार को हुए मेयर व डिप्टी मेयर के चुनाव में भाजपा ने एकतरफा जीत हासिल की। दिल्ली में भाजपा की जीत के पीछे कहीं न कहीं आप भी जिम्मेदार रही क्योंकि उसने मेयर चुनाव का बहिष्कार करते हुए इससे दूरी बना ली थी। तभी से स्पष्ट हो गया था कि भाजपा एकतरफा जीत हासिल कर लेगी।

मेयर के लिए ये प्रत्याशी थे मैदान में

भाजपा पार्षद राजा इकबाल सिंह दिल्ली के नए महापौर चुने गए, उन्होंने कांग्रेस के मनदीप सिंह को 125 वोट से हराया। चुनाव में 142 सदस्यों ने हिस्सा लिया, जिसमें से एक वोट अवैध पाया गया। कांग्रेस को अपने पार्षदों की संख्या के अनुसार आठ वोट प्राप्त हुए, वहीं राजा इकबाल सिंह को 133 वोट प्राप्त मिले। ज्ञात रहे कि एमसीडी सदन में भाजपा के पास 135 वोट हैं, जबकि कांग्रेस के पास केवल आठ वोट हैं। आप के पास 119 वोट हैं। मेयर व डिप्टी मेयर चुनाव में लोकसभा के सातों व राज्यसभा के तीनों सांसदों और विधानसभा की ओर से मनोनीत किए जाने वाले 20 प्रतिशत (14) विधायकों को भी मतदान करने का अधिकार है। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने मेयर चुनाव प्रक्रिया के संचालन के लिए भाजपा की वरिष्ठ पार्षद सत्या शर्मा को पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया था।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने दी शुभकामनाएं

दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भाजपा प्रत्याशियों सरदार राजा इकबाल सिंह को दिल्ली नगर निगम का महापौर एवं जय भगवान यादव को उप महापौर चुने जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सचदेवा ने कहा है की दिल्ली नगर निगम में भाजपा का महापौर एवं उप महापौर चुने जाने के साथ ही निगम का प्रशासन एवं नागरिक सेवाएं सुचारू रूप से चलने की राह प्रारब्ध हुई है।