दिल्ली में हार से पहले ही पार्टी के कई नेता छोड़ चुके थे साथ
Delhi Election 2025 Analysis (आज समाज), नई दिल्ली : पिछले 12 साल से दिल्ली की सत्ता पर शासन करने के बाद गत दिवस आम आदमी पार्टी की सत्ता से विदाई हो गई। चुनाव प्रचार के दौरान पार्टी ने दिल्ली की जनता से बहुत सारे वादे किए थे जिन्हें उन्होंने गारंटी का नाम दिया था। लेकिन उसकी सभी गारंटी पर भाजपा भारी पड़ गई और विधानसभा चुनाव में पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पार्टी की यह हार आम आदमी पार्टी के संगठनात्मक ढांचे के लिए बहुत परेशानी भरा होने वाला है।
केजरीवाल और आप दोनों की छवि कमजोर हुई
पिछले कुछ महीनों में आप के कई वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी का साथ छोड़ दूसरे दलों में चले गए। जानकारों का कहना है कि इससे पार्टी की संगठनात्मक संरचना और लोगों के बीच अरविंद केजरीवाल और आप दोनों की छवि कमजोर हुई, क्योंकि इन नेताओं केजरीवाल पर निरंकुश शैली का आरोप लगाया। चुनाव से पहले दिल्ली के पूर्व मंत्री कैलाश गहलोत जैसे वरिष्ठ नेताओं के इस्तीफे से भी पार्टी को नुकसान पहुंचा, क्योंकि इससे पार्टी के भीतर आंतरिक कलह भी उजागर हो गई थी। आने वाले दिनों में पार्टी के कई अन्य नेता भी इसे अलविदा कह सकते हैं। वहीं अरविंद केजरीवाल का खुद का चुनाव हार जाना पार्टी के लिए किसी सदमे से कम नहीं है।
लोगों से किए वादे पूरे न करने पड़ा भारी
इन विस चुनाव में न केवल अरविंद केजरीवल बल्कि मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और सौरभ भारद्वाज भी चुनाव हार गए। आप की करारी हार के पीछे की वजह प्रमुख भ्रष्टाचार के आरोप और लोगों से किए गए वादों को पूरा करने में विफलता बताया जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप की हार के पीछे के कई अन्य कारण भी बताए हैं। इसमें आप और कांग्रेस का अलग अलग चुनाव लड़ना भी शामिल है।
आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने दिल्ली में लोकसभा चुनाव एक साथ लड़ा था। लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली थी। इसके बाद अरविंद केजरीवाल ने विधानसभा चुनाव में अकेले उतरने का ऐलान किया। पार्टी पिछले 12 वर्षों में बुनियादी ढांचे के विकास और सड़कों की मरम्मत पर उचित ध्यान देने में नाकाम रही। जिस कारण लोगों की नाराजगी का सामना करना पड़ा। वहीं यमुना में प्रदूषण भी पार्टी की हार का कारण बना।
ये भी पढ़ें : PM Modi on Delhi Victory : दिल्ली में डबल इंजन की सरकार करेगी विकास : पीएम