Weather Updates, (आज समाज), नई दिल्ली: उत्तर भारत के पहाड़ों में लगातार हो रही भारी बारिश और बर्फबारी व मैदानों में तेज बारिश व कई जगह ओलावृष्टि होने से बीते कुछ दिन पहले साफ मौसम के दौरान पड़ रही तेज गर्मी से लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक बीते 2-3 तीन दिन से क्षेत्र में बारिश व बर्फबारी के कारण मौसम सुहावना हो गया है, लेकिन यह राहत ज्यादा दिन तक मिलने वाली नहीं है।
ये भी पढ़ें : J&K Weather: डोडा और राजौरी में भारी बर्फबारी, हिमाचल के 4 जिलों में अलर्ट जारी
27 फरवरी को दिल्ली में 74 साल की सबसे गर्म रात
आईएमडी (IMD) ने मार्च में भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया है। पिछले कल यानी 27 फरवरी को दिल्ली में 74 साल की सबसे गर्म रात दर्ज की गई। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री तक पहुंच गया, जो 1951 से 2025 के बीच इस महीने का सबसे अधिक है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सिटी गुरुवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। राज्य के कई शहरों में इस सप्ताहांत अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री की वृद्धि का अनुमान है। कुछ जगह अधिकतम तापमान 33 डिग्री को पार कर गया है। यह सामान्य से 1.8 डिग्री ज्यादा है।
मार्च में 40 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि कल से शुरू हो रहे मार्च महीने में उत्तर भारत सहित देश के कई राज्यों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। गौरतलब है कि देश की राजधानी दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, यूपी व राजस्थान और आसपास के अन्य राज्यों में बारिश व ओले गिरने से मौसम खुशनुमा हो गया है। वहीं पहाड़ों में भारी बर्फबारी व बारिश से आम जनजीवन बुरी तरह बाधित हो गया है। हिमाचल प्रदेश में कई जगह खराब मौसम ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है।
भीषण गर्मी से गेहूं को भारी नुकसान की आशंका
मौसम विभाग के अनुसार मार्च के दूसरे सप्ताह से दिन के साथ ही रात का भी तापमान असामान्य रूप से बढ़ेगा। मौसम विभाग के सूत्रों का कहना है कि इस दौरान पारा 38 से 40 डिग्री तक रह सकता है। भीषण गर्मी के कारण गेहूं को भारी नुकसान हो सकता है। 2022 में भी मार्च में भयंकर गर्मी पड़ी थी जिससे गेहंू को काफी नुकसान हुआ था। सरकार को तब गेहूं का निर्यात बैन करना पड़ा था
हरियाणा-पंजाब में भी बारिश का अलर्ट
पंजाब के 9 जिलों में आज भी बारिश का आॅरेंज अलर्ट और अन्य 9 जिलों में येलो अलर्ट जारी है। पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने के कारण मौसम बदला है। बाारिश के बाद राज्य में औसत अधिकतम तापमान में 5.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। हरियाणा में भी यही स्थिति है। राज्य के कई जिलों में कल सुबह से रुक-रुककर शुरू हुई बूंदाबांदी आज भी जारी रही। ठंडी व तेज हवाएं भी चल रही हैं। आज भी बारिश का अलर्ट है।
लाहौल स्पीति में सड़कें बंद, J&KNH बंद, गंगोत्री में 4 फीट बर्फ
हिमाचल के समूचे लाहौल स्पीति जिले के अलावा चंबा के पांगी-भरमौर व किन्नौर जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के चलते सड़कें बंद हो गई हैं जिससे इन इलाकों का संपर्क शेष दुनिया से कट गया है। स्कूलों में आज छुट्टी घोषित कर दी गई है। उत्तराखंड के गंगोत्री में 4 फीट तक हिमपात हुआ है। वहीं भारी बर्फबारी और लैंडस्लाइड के कारण जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे बंद करना पड़ा है। उधमपुर से आगे मार्ग बंद होने के कारण बड़ी संख्या में बसें, ट्रक और अन्य वाहन फंसे हैं।
पश्चिमी विक्षोभ से एमपी व राजस्थान में असर
पश्चिमी-उत्तर भारत में दो मार्च से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। जिसका मध्यप्रदेश में भी असर दिखेगा। इस दौरान बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश का भी अनुमान है। उधर समूचे राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से लगातार दूसरे दिन भी बादल छाए हैं। इससे तापमान 5 डिग्री घटा है। गुरुवार को कई जगह हल्की बारिश हुई। आज भी राज्य के 10 जिलों में आंधी-बारिश और ओले गिरने का येलो अलर्ट जारी है।