Natwar Singh: पूर्व विदेश मंत्री का 93 वर्ष की उम्र में निधन, दिल्ली में आज होगा संस्कार

0
71
Natwar Singh पूर्व विदेश मंत्री का 93 वर्ष की उम्र में निधन, दिल्ली में आज होगा संस्कार
Natwar Singh : पूर्व विदेश मंत्री का 93 वर्ष की उम्र में निधन, दिल्ली में आज होगा संस्कार

Natwar Singh Passes Away,(आज समाज), नई दिल्ली: पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह का लंबी बीमारी के बाद कल रात निधन हो गया। वह 93 वर्ष के थे। पूर्व कांग्रेस सांसद और राज्यसभा सदस्य रहे नटवर सिंह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में लगभग दो सप्ताह से भर्ती थे। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी है। वह राजस्थान के भरतपुर जिले के रहने वाले थे। 1931 में उनका जन्म हुआ था। पूर्व केंद्रीय मंत्री का आज दिल्ली में अंतिम संस्कार किया जाएगा।

यूपीए-1 सरकार के दौरान विदेश मंत्री रहे

नटवर सिंह तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए-1 सरकार के दौरान 2004-05 की अवधि के लिए भारत के विदेश मंत्री थे। विदेश मंत्री रहने के दौरान ही नटवर सिंह को ‘इराकी तेल के बदले अनाज’ घोटाले के मद्देनजर 2005 में यूपीए-1 सरकार से इस्तीफा देना पड़ा था। गांधी परिवार के करीबी माने जाने वाले नटवर सिंह ने 2008 में कांग्रेस का साथ छोड़ दिया था।

पाकिस्तान में राजदूत के रूप में भी काम किया

नटवर सिंह ने पाकिस्तान में राजदूत के रूप में भी काम किया। वह 1966 से 1971 तक प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यालय से जुड़े रहे। उन्हें 1984 में पद्म भूषण से भी सम्मानित किया गया था। सिंह ने अपनी आत्मकथा ‘वन लाइफ इज नॉट इनफ’ सहित कई किताबें भी लिखीं। उनकी इस किताब ने राजनीतिक हलकों में हंगामा मचा दिया था।

उन्होंने अपनी आत्मकथा One Life Is Not Enough में यह दावा कर सनसनी फैला दी थी कि 2004 में सोनिया गांधी ने राहुल गांधी की वजह से प्रधानमंत्री का पद नहीं संभाला। उन्होंने  लिखा, राहुल की जिद थी कि सोनिया को किसी सूरत में प्रधानमंत्री का पद नहीं संभालना चाहिए, क्योंकि उन्हें इस बात का डर था कि उनकी मां सोनिया भी उनके पिता राजीव गांधी और दादी इंदिरा गांधी की तरह मार दी जाएंगी।

सुरजेवाला ने निधन पर शोक प्रकट किया

वरिष्ठ कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने नटवर सिंह के निधन पर शोक प्रकट किया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में पूर्व विदेश मंत्री को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, नटवर सिंह जी के निधन की खबर दुखद है। ईश्वर उनके परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दे और दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे।