National News : बीजेपी का अब संगठन चुनाव पर रहेगा फोकस, राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा जल्द

0
85
National News : बीजेपी का अब संगठन चुनाव पर रहेगा फोकस, राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा जल्द
National News : बीजेपी का अब संगठन चुनाव पर रहेगा फोकस, राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा जल्द

National News | अजीत मेंदोला | नई दिल्ली। दिल्ली चुनाव सम्पन्न होने के बाद बीजेपी आलाकमान का पूरा फोकस अब संगठन चुनाव पर रहेगा। क्योंकि तारीख पर तारीख बढ़ाए जाने के बाद भी आधे राज्यों में निचले स्तर तक के चुनाव पूरे नहीं हो पाए। इसके चलते प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की औपचारिकता पूरी नहीं हो पाई है। आधे राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होता है।

राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया 15 जनवरी तक पूरी होनी थी,लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। राजस्थान ,मध्यप्रदेश जैसे बड़े राज्यों में ही मंडल और जिला अध्यक्ष पूरे नहीं बन पाए हैं।उत्तर प्रदेश,गुजरात,पश्चिम बंगाल,मध्यप्रदेश,उत्तराखंड, महाराष्ट्र,हिमाचल में नए अध्यक्ष चुने जाने थे लेकिन अभी कुछ भी तय नहीं हो पाया।

पंजाब में 15 फरवरी से चुनाव होंगे। पिछले महीने के शुरू में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक के बाद पार्टी महासचिव पी जी कुंजाग ने बताया था कि 15 जनवरी तक प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव हो जाएंगे।फिर राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी।लेकिन राज्यों ने इसे गंभीरता से लिया ही नहीं।

निचले स्तर के संगठन के चुनाव अभी तक जारी

बीते साल 31 दिसंबर तक पूरे होने वाले निचले स्तर के संगठन के चुनाव अभी तक जारी हैं। चुनाव वाले महाराष्ट्र, हरियाणा, जम्मू कश्मीर ,झारखंड और दिल्ली के चुनाव में और समय लग सकता है। पार्टी में बीते 6 माह से अधिक समय से संगठन के चुनाव चल रहे हैं।

राज्यों में आम सहमति नहीं बन पाने के कारण मंडल और जिला अध्यक्षों के नामों की घोषणा में देरी हो रही है। पार्टी में ओपन चुनाव के बजाए आम सहमति से चुनाव कराए जाते। चुनाव अधिकारी के सामने चुने गए सदस्यों ने मंडल और जिलों को लेकर सहमति बनाई जाती है और फिर प्रदेश अध्यक्ष नाम घोषित करते हैं।

राजस्थान में गुटबाजी के चलते आधे ज़िलों में अध्यक्ष ही नहीं चुने गए। जबकि पार्टी ने 5 फरवरी तक प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव का लक्ष्य रखा था। 5 फरवरी भी निकल गई। उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश जैसे बड़े हिंदी प्रदेशों में भी यही हालत है। संगठन मंत्री कई बार प्रदेशों को समय पर चुनाव कराने का निर्देश दे चुके हैं। लेकिन अब दिल्ली में वोटिंग के बाद समझा जा रहा है कि संगठन चुनाव में तेजी आएगी।

इस माह के आखिर तक आधे राज्यों में अध्यक्ष का चुनाव अगर हो जाता है तो नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा कर दी जाएगी।मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा का चुनाव पिछले साल समाप्त हो चुका था।लेकिन विधानसभा और लोकसभा चुनावों के चलते उनका कार्यकाल बढ़ता रहा।पार्टी संगठन का चुनाव पूरा करने के बाद बिहार चुनाव की तैयारी में जुटेगी।

बिहार में इसी साल अक्तूबर में चुनाव होने हैं। आम बजट में बिहार को कई सौगातें देने के बाद माना जा रहा है कि बीजेपी अब अपना पूरा फोकस बिहार पर लगाएगी। नीतीश कुमार की अगुवाई में पार्टी बड़ी जीत की तैयारी में अभी से जुटेगी।

Faridabad Nagar Nigam Election : कांग्रेस में मेयर प्रत्याशी की खोज शुरू, भाजपा के पास है लंबी कतार