पति बोला- लूटेरों ने गला दबाकर की हत्या
मृतका के भाई ने जीजा पर लगाया हत्या करने का आरोप
Nuh News (आज समाज) नूंह: हरियाणा के नूंह में गला दबाकर नवविवाहिता की हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। नवविवाहिता अपने पति के साथ ससुराल लौट रही थी। रास्ते में उसकी हत्या की गई है। पति का कहना है कि लूटेरों ने लूट के बाद उसकी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी।
वहीं मृतक के भाई ने जीजा पर ही हत्या करने का आरोप लगाया है। वह शादी के बाद से ही ज्यादा दहेज की मांग कर रहा था। उसे अपाचे बाइक चाहिए थी। इसे लेकर वह 3 महीने के अंदर कई बार झगड़ा भी कर चुका है। फिलहाल, पुलिस ने पति की शिकायत पर 5 अज्ञातों के खिलाफ लूट के बाद गला दबाकर हत्या करने का मामला दर्ज कराया है।
3 महीने पहले हुई थी शादी
मृतका की पहचान सना (18) के रूप में हुई है। वह नूंह में नगीना थाना क्षेत्र के उलेटा की रहने वाली थी। नगीना थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया है कि सना की बीते साल नवंबर में पुन्हाना के रहने वाले साहुन के साथ शादी हुई थी। साहुन ने ही पुलिस को शिकायत दी है कि बीते सोमवार को वह सना को लेकर उसके मायके गया था। वहां सना की मां की तबीयत खराब थी। वहां से रात करीब 9 बजे वे दोनों बाइक पर वापस घर आ रहे थे। जब वे नगीना में ही करहेडा-भादस रोड पर पहुंचे तो एक फैक्ट्री के पास एक स्कॉर्पियो ने उनका रास्ता रोक लिया।
लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने सना का दबाया गला, बाइक को लगाई आग
मृतका के पति का कहना है कि गाड़ी से 5 अज्ञात बदमाश उतरे। उन्होंने फौरन हमसे सामान छीनना शुरू कर दिया। उन्होंने मुझसे 50 हजार रुपए कैश लूट लिया, वहीं मेरी पत्नी सना से उसकी हंसली छीनने की कोशिश की। जब सना ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उसका गला दबा दिया। गला दबने से सना बेहोश हो गई और जमीन पर गिर गई। इसके बाद बदमाश उसकी हंसली लेकर भाग गए।
जाते-जाते उन्होंने हमारी बाइक में भी आग लगा दी। मैं चिल्लाता रह गया। हालांकि, आग को देखकर कुछ लोग मौके पर पहुंचे। मैंने भी घर वालों को सूचना दी। इसके बाद सभी ने मिलकर सना को अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अपाचे बाइक की डिमांड कर रहा था साहुन
वहीं, मृतका के भाई तालिबान उर्फ साजिद ने अपने बयान में आरोप लगाया है कि उसकी बहन की हत्या उसके पति साहुन ने ही की है। साजिद का कहना है कि 3 महीने पहले उसकी बहन सना की शादी साहुन से हुई। शादी के समय ही शादी लगभग बिगड़ गई थी। साहुन दहेज मांग रहा था।
उसे हमने काफी कुछ दिया था, फिर भी उसकी अपाचे बाइक की डिमांड थी। शादी से 3 दिन पहले उसने शादी में अड़ंगा डाला था। हालांकि, उसी समय बिरादरी की बैठक हुई थी, तो बात बन गई थी और शादी कर सना को विदा कर दिया।
साहुन ने ही की सना की हत्या
मृतका का भाई बोला कि सना ससुराल में खुश नहीं थी। उससे क्लेश होता रहता था। साहुन उसे अक्सर शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता रहता था। सोमवार को सना मां को देखने आई थी तो हमने घर से उसे हंसी-खुशी ही विदा किया था। इसके बाद रास्ते में अंधेरे का फायदा उठाकर साहुन ने सना का गला दबा दिया और उसकी हत्या कर दी। दिखावे के लिए उसने अपनी बाइक जला दी। अगर बदमाशों ने लूटा होता तो साहुन के शरीर पर भी चोट के निशान होते, लेकिन ऐसा कुछ है ही नहीं, क्योंकि सना को साहुन ने ही मारा है।
पुलिस कर रही साहुन से पूछताठ
मृतका के परिजनों के आरोपों पर पुलिस ने साहुन को आज सुबह ही हिरासत में ले लिया था। उससे पूछताछ की जा रही है। मृतका का शव पोस्टमॉर्टम के लिए अल आफिया अस्पताल मांडीखेड़ा की मॉच्युर्री में रखवा गया है, जहां डॉक्टरों के बोर्ड की निगरानी में उसका पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें : हरियाणा रोडवेज के ड्राइवर-कंडक्टर ने पति-पत्नी और बेटी को बस से नीचे उतारा