आज शाम 4 बजे हरियाणा निर्वाचन आयोग करेगा प्रेस कांफ्रेंस
Haryana Nagar Nikay Election (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा में आज निकाय चुनाव का बिगुल बज जाएगा। हरियाणा निर्वाचन आयोग ने आज शाम 4 बजे प्रेस कांफ्रेंस बुलाई है। इस प्रेसवार्ता में हरियाणा में निकाय चुनाव की घोषणा की जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी धनपत सिंह चुनाव की तारीखों का ऐलान करेंगे। चुनावों की अधिसूचना से लेकर नतीजों तक पूरी चुनावी प्रक्रिया में लगभग 25 दिन लगेंगे।
गौरतलब है कि हरियाणा सरकार ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में एक केस की सुनवाई के दौरान भरोसा दिलाया था कि 4 जनवरी से पहले चुनाव की घोषणा कर दी जाएगी। 4 फरवरी तक चुनाव संपन्न करा दिए जाएंगे। निकाय चुनाव एक ही चरण में होंगे। इसे लेकर सरकार में मंथन हो चुका है। पहले यह लगभग तय हो चुका था कि जनवरी के आखिरी या फरवरी के पहले सप्ताह में चुनाव होगा। आपको बता दें कि हरियाणा के 8 नगर निगमों, 22 नगर पालिका और 4 नगर परिषद में चुनाव होने है।
ईवीएम जांच का कार्य पूरा
राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने बताया है कि प्रदेश में निकाय चुनाव ईवीएम से कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में 46 निकायों और पिछले साल पंचायत चुनाव भी ईवीएम से ही कराए थे। हैदराबाद से आए इंजीनियरों द्वारा प्रदेश में जिला स्तर पर ईवीएम की जांच का काम पूरा कर लिया गया है।
पार्टी सिंबल पर चुनाव लड़ेंगी भाजपा
हरियाणा भाजपा पहले ही घोषणा कर चुकी है कि वह सभी नगर पालिकाओं का चुनाव अपने पार्टी चिन्ह पर लड़ेगी। कांग्रेस परंपरागत रूप से मेयर सहित नगर निगमों का चुनाव अपने पार्टी चिन्ह पर लड़ती है। हालांकि, इस आशय का औपचारिक निर्णय अभी पार्टी आलाकमान द्वारा लिया जाना बाकी है। आम आदमी पार्टी भी सभी एमसी चुनाव पार्टी चिन्ह पर लड़ने की घोषणा कर चुकी है।
ये भी पढ़ें : Prayagraj Kumbh: त्रिवेणी संगम में आज सुबह 8 बजे तक 30 लाख भक्तों ने किया स्नान