Mumbai Heavy Rain: बारिश से बेहाल मुंबई, कई इलाकों में अब भी भारी बारिश का अलर्ट

0
145
Mumbai Heavy Rain बारिश से बेहाल मुंबई, कई इलाकों में अब भी भारी बारिश का अलर्ट
Mumbai Heavy Rain : बारिश से बेहाल मुंबई, कई इलाकों में अब भी भारी बारिश का अलर्ट

Mumbai Weather Update, (आज समाज), मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बीते कुछ दिन से बारिश का सिलसिला लगातार जारी है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह बाधित है। सड़क, हवाई व रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। क्षेत्रीय मौसम विभाग ने आज भी मुंबई व पालघर के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। कुछ जगह रेड व आरेंज अलर्ट है।

राज्य के चार जिलों में रेड अलर्ट

स्थानीय मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी का अनुमान है। महाराष्ट्र के चार जिलों, कोल्हापुर, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और सतारा में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पुणे, रायगढ़ और ठाणे के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

शनिवार रात को भी हुई भारी बारिश, कई जगह जलभराव

शनिवार रात को भी मुंबई में भारी बारिश हुई जिसके कारण शहर में कई जगह जलभराव हो गया। नतीजतन सड़कों पर यातायात जाम की स्थिति पैदा हो गई है। अंधेरी सब-वे को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा। क्षेत्रीय मौसम विभाग ने आज भी अलग-अलग इलाकों के लिए बारिश का आरेंज अलर्ट जारी किया है। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्टÑीय हवाई अड्डे के आसपास का इलाका भी पानी से भर गया।

इंडिगो ने यात्रियों को किया सतर्क

एयरलाइन इंडिगो ने भी मुंबई में भारी बारिश के कारण हवाई यातायात की भीड़ के चलते उड़ानों में व्यवधान की सूचना दी है। एयरलाइन ने ‘एक्स’ पर यात्रियों से अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करने व मउद के लिए एयरलाइन की ग्राउंड टीम से संपर्क करने को कहा। अधिकारियों ने लिखा, भारी बारिश के कारण मुंबई में हवाई यातायात की भीड़ के चलते, प्रस्थान और आगमन प्रभावित हो रहे हैं।

आज इतना तापमान रहने का अनुमान

बीएमसी ने लोगों से घरों पर रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें। मुंबई में आज अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहने की संभावना है।