MP Road Accident: विदिशा जिले में सड़क हादसा, 4 श्रद्धालुओं की मौत, 6 गंभीर

0
80
MP Road Accident विदिशा जिले में सड़क हादसा, 4 श्रद्धालुओं की मौत, 6 गंभीर
MP Road Accident : विदिशा जिले में सड़क हादसा, 4 श्रद्धालुओं की मौत, 6 गंभीर

Horrific Accident In Vidisha District, (आज समाज), भोपाल: मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में सड़क हादसे में 4 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि छह गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना बीती रात विदिशा जिले के अंतर्गत आने वाले लटेरी में ब्यावरा से बीना नेशनल हाईवे 752बी पर सुबह करीब 4 बजे हुई। श्रद्धालुओं की ईको कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। सभी हताहत राजस्थान के झालावाड़ जिले के हैं और वे बागेश्वर धाम से वापस अपने घर झालावाड़ लौट रहे थे।

बागेश्वर धाम झालावाड़ लौट रहे थे श्रद्धालु

जानकारी के अनुसार झालावाड़ जिले से 10 श्रद्धालु ईको कार में सवार होकर बागेश्वर धाम गए थे और 11 दिन बाद शुक्रवार रात को वे सभी कार से लौट रहे थे। पुलिस ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में 60 वर्षीय किशन, 34 वर्षीय विनोद माली, 70 वर्षीय वर्दी बाई और 48 वर्षीय राजबाई शामिल हैं। वहीं, गंभीर रूप से घायलों में दिनेश, दरियाव बाई, पानी बाई, कमलाबाई, गन्नीं बाई और अनीता बाई शामिल हैं।

बुरी तरह फंसे थे शव व घायल लोग

लटेरी एसडीओपी ने बताया कि कार में 10 लोग सवार थे। जिनमें दो पुरुष और दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई। बाकी 6 घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक शव गाड़ी में बुरी तरह फंसे हुए थे। घायल भी बुरी तरह फंसे थे। कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें गाड़ी से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जताया गहरा शोक

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंन एक्स पर लिखा, विदिशा जिला अंतर्गत लटेरी ब्लॉक में बागेश्वर धाम से लौटते समय राजस्थान के झालावाड़ जिले के निवासी 4 लोगों की सड़क दुर्घटना में मृत्यु का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ है। प्रदेश सरकार संकट की इस घड़ी में मृतकों के परिजनों के साथ खड़ी है। पात्रता के अनुसार परिजनों को राज्य शासन द्वारा सहायता राशि दी जाएगी।