Jind News: जींद में 3 बेटियों की मां ने किया सुसाइड

0
77
जींद में 3 बेटियों की मां ने किया सुसाइड
जींद में 3 बेटियों की मां ने किया सुसाइड

Jind News (आज समाज) जींद: हरियाणा के जींद के जुलाना क्षेत्र के गांव लिजवाना खुर्द में एक विधवा महिला ने जहरीला पदार्थ निगल कर सुसाइड कर लिया। आरोप है कि उसे गांव के ही 3 व्यक्ति परेशान कर रहे थे। जुलाना थाना पुलिस ने तीनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। छानबीन जारी है। पुलिस को दी शिकायत में झज्जर के सिलानी गेट निवासी रोहताश ने बताया कि उसकी बहन राजवंती की शादी 20 साल पहले जुलाना के लिजवाना खुर्द निवासी रामनिवास के साथ हुई थी। करीब साढ़े तीन साल पहले उसके जीजा की मौत हो गई थी। उसकी बहन को 3 लड़कियां हैं। सात अगस्त को उसके पास उसकी बहन राजवंती का फोन आया। उसने बताया कि गांव का ही रवि उसके रुपए नहीं दे रहा है। रवि ने उसके साथ मारपीट भी की है। रोहताश इसके बाद मां व चाचा आजाद सिंह के साथ राजवंती से मिलने के लिए लिजवाना आए। घर पर उसकी भांजी राजवंती की बेटी मौजूद थी। उसने बताया कि रवि उसकी मां को कई दिन से परेशान कर रहा है। यही नहीं रवि के भाई शिवकुमार व सन्नीराज भी उसे ताने मारकर आते-जाते समय परेशान कर रहे थे। शिव कुमार की पत्नी सुषमा, रवि की पत्नी खुशबू ने भी उसकी मां के साथ मारपीट की। इनसे तंग आकर उसकी मां राजवंती ने रात 11 बजे जहरीला पदार्थ निगल लिया। रात को ही परिजन राजवंती को इलाज के लिए रोहतक पीजीआई लेकर गए। वहां इलाज के दौरान राजवंती की मौत हो गई। रोहताश की शिकायत पर जुलाना थाना पुलिस ने रवि, शिवकुमार, सन्नीराज के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है।