Punjab News : 32.46 करोड़ से अधिक ने उठाया मुफ्त बस यात्रा का लाभ

0
60
32.46 करोड़ से अधिक महिलाओं ने उठाया मुफ्त बस यात्रा का लाभ
32.46 करोड़ से अधिक महिलाओं ने उठाया मुफ्त बस यात्रा का लाभ

महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा सुविधा ने 1,548 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया

Punjab News (आज समाज)चंडीगढ़: महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने राज्य भर में महिलाओं को 1,548 करोड़ रुपये से अधिक की मुफ्त यात्रा सुविधाएं प्रदान की हैं।

विवरण देते हुए, परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पिछले 28 महीनों में, मान सरकार ने पंजाब रोडवेज/पनबस और पीआरटीसी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा सुनिश्चित करने के लिए 1,548.25 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा, “इस परिवर्तनकारी नीति 32.46 करोड़ से अधिक महिलाओं ने मुफ्त बस यात्रा का लाभ उठाया है, जिससे पूरे पंजाब में महिलाओं के लिए गतिशीलता और अवसरों तक पहुंच में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

वर्ष वार ब्यौरा देते हुए कैबिनेट मंत्री ने बताया कि मार्च 2022 से मार्च 2023 तक 664.63 करोड़ रुपये खर्च कर महिलाओं को 14.29 करोड़ यात्राओं का लाभ दिया गया, जबकि वित्तीय वर्ष 2023-2024 में 694.64 करोड़ रुपये खर्च कर महिलाओं को 14.90 करोड़ यात्राओं का लाभ दिया गया।

उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष (15 जुलाई 2024 तक) में 188.98 करोड़ रुपये खर्च कर महिलाओं को 3.27 करोड़ यात्राओं का लाभ दिया गया। कैबिनेट मंत्री ने कहा, “यह अभूतपूर्व योजना सामाजिक कल्याण और लैंगिक समानता के लिए मान सरकार के बहुआयामी दृष्टिकोण की आधारशिला है।” उन्होंने कहा कि आवागमन में वित्तीय बाधाओं को दूर करके यह पहल महिलाओं को शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य सेवा और अन्य आवश्यक सेवाओं तक आसानी से पहुंचने में सशक्त बना रही है।