Haryana Weather News: हरियाणा में फिर से एक्टिव होगा मानसून, कल से 2 दिन भारी बारिश की चेतावनी

0
71
हरियाणा में फिर से एक्टिव होगा मानसून, कल से 2 दिन भारी बारिश की चेतावनी
हरियाणा में फिर से एक्टिव होगा मानसून, कल से 2 दिन भारी बारिश की चेतावनी

2 दिन बारिश नहीं होने से 40 पहुंचा पारा, सिरसा सबसे गर्म
Haryana Weather News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा में फिर से मानसून एक्टिव होगा। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने कल यानी 30 जुलाई से 31 तक हैवी रेन का अलर्ट जारी किया है। 30 को चंडीगढ़, पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, करनाल और पानीपत में हैवी रेन का अलर्ट किया गया है। वहीं 31 जुलाई को 15 जिलों में अलर्ट रखा गया है, इनमें चंडीगढ़, पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल शामिल हैं। हालांकि 2 दिन से बारिश नहीं होने के कारण गर्मी और उमस ने लोगों के पसीने छुड़ा रखे हैं। 24 घंटे के दौरान सिरसा जिला सबसे गर्म दर्ज किया गया, यहां का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री तक दर्ज किया गया। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार हरियाणा में 30 जुलाई के दौरान राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान कुछ एक स्थानों पर तेज बारिश की भी संभावना बन रही है। इस दौरान बीच बीच में तेज हवाएं चलने की संभावना है जिससे दिन के तापमान में गिरावट रहने की संभावना है।

जुलाई में 35 % कम बरसात

प्रदेश में जुलाई में सामान्य से 35% कम बरसात हुई है। अमूमन प्रदेश में इस अवधि में 130.2 एमएम बरसात होती है, लेकिन अबकी बार केवल 84.1 मिलीमीटर बरसात हो सकी है। पिछले 24 घंटे में जीटी बेल्ट के जिलों में बरसात हुई है। इनमें पानीपत में 23.6, करनाल 13.4, कुरुक्षेत्र में 15.3, कैथल में 13.9, सोनीपत में 35, अंबाला में 5.4 मिलीमीटर बरसात हुई है। वहीं यमुनानगर में 13.0, सिरसा में 3.1, दादरी में सिर्फ 3.0, पलवल में 1.3 और पंचकूला में 1.4, रोहतक में 1.6 एमएम बारिश हुई है।