Punjab Weather News : पंजाब में पूरी तरह सक्रिय हुआ मानसून

0
6
पंजाब में पूरी तरह सक्रिय हुआ मानसून
पंजाब में पूरी तरह सक्रिय हुआ मानसून

Punjab Weather News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब में मानसून लगभग पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। मानसून की सक्रियता के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में सामान्य से भारी बरसात देखी गई। बारिश का सिलसिला शनिवार को भी जारी है और मौसम विभाग का कहना है कि यह 2 जुलाई तक पूरे प्रदेश में बारिश जारी रहेगी। मानसून की सक्रियता से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है वहीं धान रोपाई के काम में भी तेजी आ गई है।

कई जगह बने बाढ़ के हालात

कई जिलों में मानसून के मेघ जमकर बरसे। शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर) में शाम पांच बजे तक 57.5 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। जिले के कई इलाकों की खड्डों व नालों में जलस्तर बढ़ गया। काठगढ़ की खड्ड में पहाड़ों से भारी मात्रा में पानी आने के कारण बाढ़ आ गई। इस कारण एक पुल बह गया। इससे काठगढ़ के आसपास के करीब सौ गांवों का सड़क संपर्क टूट गया है। प्रदेश के कई जिलों में लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को भी वर्षा हुई। पहाड़ी इलाकों में भारी वर्षा हो रही है, जिसका असर मैदानी इलाकों में दिखने लगा है। भारी वर्षा के कारण काठगढ़ में खड्ड में बाढ़ आ गई और पानी के तेज बहाव में एक पुल बह गया। यह पुल काठगढ़ को आसपास के 100 के करीब गांवों को आपस में जोड़ता था।

पिछले साल बाढ़ ने मचाई थी तबाही

ज्ञात रहे कि पिछले साल भी मानसून सीजन के दौरान लगभग पूरे प्रदेश को भीषण बाढ़ का सामना करना पड़ा था। कई जगह तो बाढ़ का पानी 10-10 फीट तक भर गया था जिसके चलते प्रशासन को सैकड़ों गांव खाली कराने पड़े थे। उस दौरान बाढ़ से जन, पशु व फसलों की हानि हुई थी।

SHARE