Monsoon 2024 Update: तय समय से 6 दिन पहले उत्तरी बंगाल पहुंचा मानसून, उत्तर भारत में गर्मी से निजात

0
110
Monsoon 2024 Update
तय समय से 6 दिन पहले उत्तरी बंगाल पहुंचा मानसून, उत्तर भारत में गर्मी से निजात।

Aaj Samaj (आज समाज), Monsoon 2024 Update, नई दिल्ली: मानसून का समय से पहले आगे बढ़ने का सिलसिला जारी है। केरल में एक दिन पहले पहुंचने के बाद अब यह उत्तरी पश्चिम बंगाल में 6 दिन पहले पहुंच गया है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी है। अधिकारियों के मुताबिक उत्तर बंगाल के कई हिस्सों में मानसून ने 31 मई को दस्तक दे दी, जबकि इसके यहां पहुंचने का अनुमान 6 जून का था। आईएमडी ने बताया कि इससे पहले 2009 में मानसून ने 25 मई को राज्य में प्रवेश किया था। वहीं पिछले साल 12 जून को मानसून ने राज्य में दस्तक दी थी।

  • ‘रेमल’ के कारण पहले आ रहा मानसून

केरल मेंं मानसून 30 मई को पहुंचा था

केरल मेंं मानसून 30 मई को पहुंच गया था जबकि इसके राज्य में 31 मई को दस्तक देने की संभावना थी। दूसरी तरफ दिल्ली, यूपी व राजस्थान समेत उत्तर भारत में मैदानों से पहाड़ों तक बीते कुछ दिन से पड़ रही भीषण गर्मी से राहत मिली है। शनिवार शाम को दिल्ली, हरियाणा, पजांब व यूपी सहित आसपास के राज्यों में हल्की बूंदाबांदी व तेज हवाएं और धूल भरी आंधी चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

 उत्तर बंगाल में भारी बारिश जारी रहने का अनुमान

बंगाल मौसम विभाग के अनुसार इस साल चक्रवाती तूफान रेमल के कारण मानसून के थोड़ा पहले प्रवेश करने के लिए उपयुक्त परिस्थितियां बनी हुई हैं और इसी वजह से यह तय समय से पहले दस्तक दे रहा है। मौसम विभाग ने कहा कि अभी कुछ दिनों तक उत्तर बंगाल में भारी बारिश जारी रहेगी।

असम में बाढ़ से 11 जिलों में 3.5 लाख लोग प्रभावित

गौरतलब है कि केरल के बाद तय समय से पहले मानसून पूर्वोत्तर की तरफ बढ़ गया है और वहां पिछले सप्ताह मंगलवार से जारी बारिश व बाढ़ से जनजीवन बुरी तरह बाधित है। मिजोरम में भूस्खलन आदि की घटनाओं में अब तक करीब 30 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा असम, मेघालय, त्रिपुरा बाढ़ से बेहाल हैं। हजारों लोग बेघर हो गए हैं असम में बाढ़ से 11 जिलों में 3.5 लाख लोग प्रभावित हैं। वहीं 30,000 लोग राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं। लगातार बारिश से केरल के कई हिस्सों में जलभराव हो गया और पेड़ उखड़ गए है। अब भी राज्य में रेड अलर्ट जारी है।

पहाड़ों से मैदानों में अगले कुछ दिन तक लू से रहेगी राहत

आईएमडी के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, लद्दाख और गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद में अगले 5 दिन तक कई जगह हल्की बारिश होगी और तेज हवाएं चलेंगी। वहीं उत्तर प्रदेश में एक से चार जून, राजस्थान में दो जून, पंजाब और हरियाणा में एक से पांच जून तक हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में अगले दो तीन दिन में भीषण लू से राहत मिलने की संभावना है।

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत 4-5 दिन भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के राज्यों में अगले 4-5 दिन तक भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। अगले 2-3 दिन में मध्य अरब सागर के कुछ और दक्षिण अरब सागर के शेष हिस्सों, लक्षद्वीप, केरल, कर्नाटक और रायलसीमा के कुछ हिस्सों, तमिलनाडु और बंगाल की खाड़ी में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

यह भी पढ़ें: 

Connect With Us : Twitter Facebook

  • TAGS
  • No tags found for this post.