Haryana News : पेशे से किसान व कपड़ा व्यापारी रहे हैं मोहन लाल बड़ौली

0
123
पेशे से किसान व कपड़ा व्यापारी रहे हैं मोहन लाल बड़ौली
पेशे से किसान व कपड़ा व्यापारी रहे हैं मोहन लाल बड़ौली

Haryana News Chandigarh (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा में इसी साल कुछ माह बाद विधानसभा चुनाव हैं। विस चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विधायक मोहन लाल बड़ौली को नए प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया है। मोहन लाल बड़ौली सोनीपत राई से विधायक हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सैनी प्रदेशाध्यक्ष थे। मुख्यमंत्री बनने के बाद भी सैनी के पास ही यह पदभार था। हम आपको भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली के बारे में बताते हैं।

जानिए मोहन लाल बड़ौली के बारे में

हरियाणा भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली बीते 29 वर्षों से भाजपा के साथ हैं। इससे पहले वह 6 साल तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े थे। पंडित मोहन लाल बड़ौली का जन्म साल 1963 में सोनीपत जिले की राई तहसील के बडौली गांव में हुआ था। उनके पिता पंडित काली राम कौशिक विख्यात कवि थे और पंडित लख्मीचंद की रागनियों के प्रशंसक थे।मोहन लाल बड़ौली पेशे से किसान भी हैं और कपड़े के व्यापारी भी रहे हैं। मोहनलाल बड़ौली साल 1989 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े। 1995 में वे भाजपा में आए और उन्हें मुरथल का मंडल अध्यक्ष बनाया गया। पंडित मोहनलाल बड़ौली इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) राज में जिला परिषद के लिए चुने गए। पहली बार भाजपा से सोनीपत में कोई व्यक्ति जिला पार्षद चुना गया। साल 2019 में उन्होंने राई से विधानसभा का चुनाव लड़ा और पहली बार राई से भाजपा के टिकट पर कोई व्यक्ति विधायक बना। 2020 में वे भाजपा, सोनीपत के जिला अध्यक्ष बने। 2021 में हरियाणा प्रदेश भाजपा में प्रदेश महामंत्री बने। विभिन्न चुनावों में भाजपा के लिए चुनाव प्रबंधन का महत्वपूर्ण दायित्व निभाया। 2024 में सोनीपत लोकसभा से भाजपा के प्रत्याशी बने और लोकसभा चुनाव समिति के भी सदस्य रहे। अब उन्हें भाजपा हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।