हमलावरों ने बोलेरो को पलटा, ट्रैक्टर को भी तोड़ा
Karnal News (आज समाज) करनाल: हरियाणा के करनाल में एक एक माइनिंग कंपनी के कर्मचारियों पर हमला कर घायल करने का मामला प्रकाश में आया है। हमलावरों ने तेजधार हथियारों व लाठी-डंडों से कर्मचारियों पर हमला किया। इतना ही नहीं हमलावरों ने कर्मचारियों की बोलेरो गाड़ी को पलट दिया और ट्रैक्टर को भी तोड़ दिया। हमलावर जाते समय जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल कर्मचारियों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने 15 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गांव चंद्राव के पास रोका रास्ता
जानकारी के अनुसार गांव गढ़ी बीरबल निवासी हिमांशु, संधाली निवासी प्रताप, कलसौरा निवासी मंदीप, उमरपुर निवासी अभिषेक व विशाल बोलेरो गाड़ी में सवार थे। गाड़ी प्रताप चला रहा था। जब वे गांव चंद्राव के पास पहुंचे तो गुरमीत सिंह उर्फ गोनी, सुरजीत, सोनू, बलेदव, टीकू, राकेश, रिंकू, महेंद्र, बलकार, हरदीप, सुच्चा, प्रदीप सहित लगभग 15 लोग हथियारों के साथ वहां आ गए। उन्होंने गाड़ी के आगे आकर रास्ता रोका और फिर अचानक हमला कर दिया।
बोलेरो व कंपनी के ट्रैक्टर को भी पहुंचाया नुकसान
शिकायतकर्ता हिमांशु ने बताया कि हमलावरों ने गाड़ी की खिड़की खोलते ही सबसे पहले अभिषेक पर हमला किया। इसके बाद अन्य कर्मचारियों पर भी लाठी-डंडों से वार किए गए। इतना ही नहीं, उन्होंने बोलेरो को बुरी तरह तोड़ दिया और फिर उसे पलट भी दिया। पास में खड़े कंपनी के ट्रैक्टर को भी हमलावरों ने लाठी-डंडों से नुकसान पहुंचाया।
पुलिस ने दर्ज किया केस
हमले के बाद घायल अवस्था में प्रताप और मंदीप ने कंपनी को सूचना दी। इसके बाद दूसरी गाड़ी से सभी को इंद्री के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने अभिषेक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे तुरंत करनाल रेफर कर दिया।अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पीड़ित पक्ष ने मामले की शिकायत पुलिस को की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी चरण सिंह ने बताया कि माइनिंग कर्मचारियों पर हमले की शिकायत मिली है। जांच जारी है।
ये भी पढ़ें : हरियाणा में आज रहेगा मौसम साफ, कल से चलेंगी गर्म हवाएं, 12 जिलों में येलो अलर्ट