मुख्यमंत्री की ओर से माझा क्षेत्र में 135 करोड़ रुपए की मिल्कफेड परियोजना का नींव पत्थर रखा

Punjab CM News (आज समाज), अमृतसर : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि आज किसानों की आय बढ़ाने के लिए जरूरी है कि उन्हें कृषि के साथ-साथ इससे जुड़े सहायक धंधों से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि पशुपालन एक ऐसा व्यवसाय है जो किसानों की आय बढ़ाने में अहम साबित हो सकता है। मान ने कहा कि इससे किसानों को मासिक आय प्राप्त होती है जिससे उनकी वित्तीय संरचना सही बनी रहती है।

मान अमृतसर में स्थानीय मिल्क प्लांट के विस्तार के लिए 135 करोड़ रुपए की लागत वाली परियोजना का नींव पत्थर रखने के अवसर पर बोल रहे थे। इस परियोजना से लस्सी, दही और विभिन्न स्वादों वाले दूध सहित अन्य उत्पादों के उत्पादन की क्षमता में वृद्धि होगी।

राज्य की पिछली सरकारों ने नहीं उठाए उपयुक्त कदम

इस परियोजना का नींव पत्थर रखने के बाद सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन पहले की सरकारों के दौरान कभी नहीं देखे गए क्योंकि उस समय के सत्ताधारी आम लोगों की बजाय केवल अपने परिवारों की ही परवाह करते थे। उन्होंने कहा कि अब हर दिन ऐसे आयोजन हो रहे हैं क्योंकि राज्य सरकार लोगों के कल्याण के लिए दिन-रात मेहनत कर रही है।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि अब राज्य के हर क्षेत्र में प्रगति और विकास की झलक देखी जा सकती है और इस उद्देश्य के लिए राज्य सरकार पूरी ताकत लगा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वेरका ने अब ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए भी अपने उत्पाद बेचने की शुरुआत की है ताकि दुनिया भर में बैठे लोग आॅनलाइन खरीदारी के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण उत्पादों का स्वाद ले सकें।

प्रदेश के खिलाड़ियों को बनाएगे ब्रांड एंबेसडर

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के प्रमुख खिलाड़ियों को वेरका के ब्रांड एंबेसडर के रूप में जोड़ेगी ताकि वेरका के उत्पादों को विश्व भर में पहुंचाया जा सके। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब ने बेहतरीन दूध, दही, लस्सी और अन्य उत्पादों का उत्पादन करके देश में श्वेत क्रांति का नेतृत्व किया है और सही मायनों में यही राज्य का विकास है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना न केवल मिल्कफेड की उत्पादन क्षमता को बढ़ाएगी बल्कि क्षेत्र में डेयरी उद्योग के विकास में भी योगदान देगी और मिल्क यूनियन अमृतसर से जुड़े डेयरी किसानों को लाभकारी कीमतें प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने कर्मचारियों के लिए नए सेवा नियमों का मसौदा तैयार किया है, जो मिल्कफेड कर्मचारियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इन नियमों से नियमित कर्मचारियों को सरकारी कर्मचारियों के बराबर वेतन मिलेगा। इसके अलावा, अच्छे प्रदर्शन के लिए कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदर्शन आधारित छूट भी दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे 1200 कर्मचारियों की नई भर्ती के लिए भी रास्ता खुलेगा। उन्होंने कहा कि यह बहुत गर्व और संतुष्टि की बात है कि मिल्कफेड रबड़ी और काजू बादाम दूध सहित नए उत्पाद लॉन्च कर रहा है।

ये भी पढ़ें : Punjab News Update : पंजाब सरकार हर गांव में बनाएगी खेल मैदान

ये भी पढ़ें : Punjab News : पंजाब में शिक्षा क्रांति आते-आते सात दशक लग गए : ईटीओ