26 अप्रैल को एक्टिव होगा पश्चिमी विक्षोभ लेकिन गर्मी से नहीं मिलेगी राहत

Delhi Weather Update (आज समाज), नई दिल्ली : दिल्ली एनसीआर सहित उत्तर भारत के मैदानी भागों में अब गर्मी अपने शिखर की तरफ अग्रसर है। ज्यादात्तर राज्यों में मौसम शुष्क है और तापमान में तेजी के साथ वृद्धि दर्ज की जा रही है। जिससे चिलचिलाती गर्मी से लोग परेशान होने लगे हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने दिल्ली एनसीआर में आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ने और लू चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग का कहना है आने वाले कुछ दिन भयानक गर्मी के होंगे। इसके साथ ही दो दिन लू चलने की भी संभावना है। इस कारण से तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। 26 अप्रैल को पहाड़ों में नए पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक के बाद भी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

सोमवार रहा था इस सीजन का सबसे गर्म दिन

सोमवार को ही 41.6 डिग्री तापमान के साथ इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज हुआ था। वहीं अब मौसम विभाग ने 24-26 अप्रैल के बीच तापमान बढ़ने और लू चलने की संभावना जताई है। तापमान बढ़ने से गर्मी का अहसास ज्यादा होगा। वहीं बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक 39.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.0 डिग्री कम 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इस सप्ताह 43 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

दिल्ली-एनसीआर में इस सप्ताह तापमान बढ़ने की संभावना है, तापमान में यह बढ़ोतरी अगले सप्ताह भी जारी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार 24 से 28 अप्रैल के बीच तापमान 40 डिग्री से ऊपर रह सकता है, जबकि 25 व 26 अप्रैल के बीच तापमान के 43 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। वहीं इस दौरान लू चलने की भी संभावना जताई गई है। 24 अप्रैल को उत्तर भारत के पहाड़ों में एक पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे रहा है। इससे 26 अप्रैल की सुबह हल्की बारिश होने की संभावना है लेकिन इससे गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।

ये भी पढ़ें : Delhi Breaking News : पहलगाम हमला कायराना हरकत : रेखा गुप्ता