Mausam Update 11 May: देश के विभिन्न राज्यों में आंधी-तूफान का अलर्ट, लोगों को सावधानी बरतने की सलाह

0
71
Mausam Update 11 May
देश के विभिन्न राज्यों में आंधी-तूफान का अलर्ट, लोगों को सावधानी बरतने की सलाह।

Aaj Samaj (आज समाज), Mausam Update 11 May, नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली समेत देशभर के अधिकतर राज्यों में प्रचंड गर्मी के बीच मौसम का मिजाज बदल गया है और उत्तर से पूर्व व पश्चिम से दक्षिण भारत तक कई जगह आंधी-तूफान व बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतर जगहों पर फिलहाल मौसम ऐसा ही रहने वाला है। आईएमडी अधिकारियों ने बताया है कि उत्तर पश्चिम भारत में 12 मई, पूर्वी भारत में 13 मई और मध्य व दक्षिण भारत में 15 मई तक आंधी-तूफान और बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

शुक्रवार शाम को कई जगह चली धूल भरी आंधी

दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार शाम को कई जगह धूल भरी आंधी चली और कई इलाकों में बारिश भी हुई। कई जगह पेड़ उखड़ गए। मकानों को नुकसान पहुंचा। इसी तरह हरियाणा, चंडीगढ़ व पंजाब में भी कई स्थानों पर शुक्रवार शाम को आंधी चली। यूपी में भी आंधी-तूफान व बारिश को दौर जारी है। शनिवार को बीते 24 घंटों में तमिलनाडु, पश्चिमी मध्यप्रदेश, त्रिपुरा, ओडिशा, मराठवाड़ा व मेघालय में भी बारिश हुई। वहीं हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी यूपी, पूर्वी राजस्थान, विदर्भ, एमपी व छत्तीसगढ़ मेें ओले गिरे।

बीकानेर में शुक्रवार को तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस

राजस्थान के बीकानेर में शुक्रवार को सबसे ज्यादा तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख व उत्तराखंड में 13 मई तक बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा इन राज्यों में आंधी-तूफान व बिजली कड़कने का भी अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड में 12 मई को बारिश के साथ ओले भी गिर सकते हैं। उत्तर भारत के मैदानी राज्यों, हरियाणा, पंजाब व चंडीगढ़ में रविवार को भी हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। यूपी व राजस्थान में भी रविवार और सोमवार को ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। इन राज्यों में भी आंधी-तूफान व बिजली कड़कने की चेतावनी जारी की गई है।

दिल्ली में दर्जनों पेड़ उखड़े, 2 लोगों की मौत, 17 घायल

दिल्ली में कुछ जगहों पर शुक्रवार देर शाम आई तेज आंधी ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। तूफान के बीच लगभग 80 किमी प्रतिघंटे की गति से हवाएं चलीं जिसके कारण दर्जनों पेड़ उखड़ गए। पेड़ों के गिरने व अन्य घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। खराब मौसम के चलते दिल्ली हवाई अड्डे पर लैंड करने वाली 9 उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। दिल्ली पुलिस के अनुसार पेड़ उखड़ने के 152, मकान क्षतिग्रस्त होने के 55 और बिजली आपूर्ति बाधित होने के 202 फोन कॉल्स थे। मौसम के तांडव के बीच दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग के पास 500 से ज्यादा कॉल किए गए।

मौसम विभाग ने जारी की है एडवाइजरी

आईएमडी ने मौसम की बेरुखी की आशंका के मद्देनजर एडवाइजरी जारी कर लोगों से कहा है कि वे खासकर आंधी-तूफान के बीच घरों में ही रहें, अपनी खिड़कियां व दरवाजे बंद रखें और अनावश्यक यात्रा से बचें। इसके अलावा मौसम विभाग से तूफान के तांडव के बीच घर से बाहर होने की स्थिति में सुरक्षित जगहों पर रुकने और पेड़ों के नीचे खड़े होने से भी बचने की सलाह दी थी।

यह भी पढ़ें:

Connect With Us : Twitter Facebook