Punjab News (आज समाज)चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज अपनी आधिकारिक निवास पर पेशेवर शूटर और ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर से मुलाकात की और उन्हें सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने पेरिस ओलंपिक खेलों में इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए मनु भाकर और उनके परिवार को बधाई दी।
भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह निशानेबाज युवाओं के लिए आदर्श बनकर उभरी है और उसकी उपलब्धियां उभरते खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए नाम कमाने के लिए प्रेरित करेंगी। मुख्यमंत्री ने इस युवा खिलाड़ी को अपनी सरकार की नई खेल नीति के बारे में जानकारी दी, जिसका उद्देश्य पंजाब में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना है।

इस दौरान मनु भाकर ने मुलाकात के लिए समय देने और सम्मानित करने पर मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने पंजाब में खेलों के विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा की गई पहलों और खेल नीति की प्रशंसा की। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को समान अवसर प्रदान करने की वकालत की ताकि विभिन्न प्रतियोगिताओं में देश के लिए अधिक से अधिक पदक जीते जा सकें।