Mansukh Mandaviya: केंद्रीय मंत्री ने पटना में ‘जय भीम पदयात्रा’ को किया संबोधित

0
138
Mansukh Mandaviya
Mansukh Mandaviya: केंद्रीय मंत्री ने पटना में 'जय भीम पदयात्रा' कार्यक्रम को किया संबोधित

Mansukh Mandaviya Bihar Visit, (आज समाज), पटना: केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया ने युवाओं को देश का भविष्य बताया है। उन्होंने युवाओं से संविधान का सम्मान करने के आग्रह के अलावा 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने की अपील की। मंडाविया आज बिहार की राजधानी में पटना में ‘जय भीम पदयात्रा’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में पदयात्रा’ देश भर में आयोजित 

संविधान निर्माता डॉक्टर बीआर अंबेडकर की 134वीं जयंती के उपलक्ष्य में बीजेपी की ओर से देश भर में ‘जय भीम पदयात्रा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पटना में पदयात्रा गांधी मैदान से हाई कोर्ट तक आयोजित की गई जिसका शुभारंभ मनसुख मंडाविया ने किया।  कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘जय भीम पदयात्रा’ 10,000 माई भारत युवा स्वयंसेवकों के साथ उनकी विरासत का सम्मान करती है। यह पदयात्रा इसलिए आयोजित की गई है ताकि करोड़ों युवा पीएम मोदी के विकसित भारत के संकल्प का हिस्सा बन सकें।

पीएम मोदी ने लिया है विकसित भारत का संकल्प

मंडाविया ने कहा, डॉक्टर बीआर अंबेडकर ने संविधान दिया और इसके माध्यम से देश के लोगों को समान अधिकार दिए। उन्होंने कहा, युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें इन अधिकारों के साथ आगे बढ़ना चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने कहा, 2047 में देश आजादी के 100 साल पूरे करेगा और तब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत की स्थापना का संकल्प लिया है।

देश में 5000 से ज्यादा जगह पदयात्राएं आयोजित

मंडाविया ने कहा, बाबासाहेब की जयंती के उपलक्ष्य में देशभर में 5000 से ज्यादा जगहों पर पदयात्राएं आयोजित की जा रही हैं। इसका मुख्य उद्देश्य बाबासाहेब के विचारों को देश के हर नागरिक तक पहुंचाना है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि देश में जहां भी डॉक्टर बीआर अंबेडकर की प्रतिमाएं हैं, उनपर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। साथ ही उनके विचारों पर चलने की लोगों से अपील की जा रही है। मंडाविया ने युवाओं से राजनीति में आकर देश के विकास के लिए काम करने का आग्रह किया।

विकसित भारत का संकल्प केवल एक नारा नहीं

केंद्रीय मंत्री ने कहा, पीएम मोदी ने 2022 में जो विकसित भारत का संकल्प लिया था, वह केवल एक नारा नहीं है, बल्कि एक मार्ग है, एक दिशा है और इसी के आधार पर आज देश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, बाबासाहेब के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ना हमारी सरकार का मुख्य उद्देश्य है।

सभी राज्यों की राजधानियों में आयोजित होंगी ऐसी पदयात्राएं

जय भीम पदयात्रा’ भारतीय संविधान के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित की जाने वाली 24 पदयात्राओं की श्रृंखला में नौवीं है। इसी तरह की पदयात्राएं भारत के सभी प्रमुख राज्यों की राजधानियों में एक साथ आयोजित की जा रही हैं। इस अभियान के तहत प्रत्येक पदयात्रा एक प्रतीकात्मक यात्रा है, जो आज के युवाओं को न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के मूल्यों से जोड़ती है। पदयात्रा के मुख्य आकर्षण में माई भारत स्वयंसेवकों द्वारा राष्ट्रव्यापी प्रस्तावना वाचन और सभी जिलों में अंबेडकर स्मारकों पर मूर्ति-सफाई अभियान शामिल हैं, जो संवैधानिक मूल्यों और नागरिक जिम्मेदारी के लिए एकजुट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

ये भी पढ़ें : Mansukh Mandaviya: खेल मंत्री ने फिट इंडिया साइकिलिंग अभियान को दी हरी झंडी