Mann Ki Baat 115th Episode: प्रधानमंत्री मोदी का आत्मनिर्भर भारत पर जोर

0
23
Mann Ki Baat 115th Episode: प्रधानमंत्री मोदी का आत्मनिर्भर भारत पर जोर
Mann Ki Baat 115th Episode: प्रधानमंत्री मोदी का आत्मनिर्भर भारत पर जोर

PM Modi Mann Ki Baat, (आज समाज), नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 115वें एपिसोड को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा व सरदार बल्लभ भाई पटेल को याद किया। पीएम ने एनिमेशन के क्षेत्र भारत के विकास पर भी बात की। इसके अलावा उन्होंने आत्मनिर्भर भारत पर जोर दिया। वहीं प्रधानमंत्री ने डिजिटल अरेस्ट जैसे फर्जीवाड़े से बचने के उपायों का भी जिक्र किया

डिजिटल अरेस्ट से बचने के तीन स्टेप

प्रधानमंत्री ने डिजिटल अरेस्ट से बचने के लिए तीन स्टेप्स की बात की। इन तीन स्टेप्स में रुको, सोचो व एक्शन शामिल हैं। ये तीन स्टेप कैसे लेने हैं पीएम ने यह भी बताया। उन्होंने कहा, जैसे ही कॉल आए तो रुक जाएं और घबराएं बिल्कुल  नहीं। पूरी तरह शांत रहें और जल्दी में कोई फैसला न लें। साथ ही किसी को भी किसी सूरत में निजी जानकारी न दें।

इसके अलावा रिकॉर्डिंग जरूर करें और स्क्रीन शॉट भी ले लें। दूसरे फेज में सोचो। यह बात मन में बिठा लें कि कोई सरकारी एजेंसी कभी फोन पर धमकी नहीं देती, न वीडियो कॉल पर पूछताछ करती है और न किसी से पैसे मांगती है। यदि ऐसा हो तो समझ लो कि मामला गड़बड़ है। तीसरा फेज ‘एक्शन लो’ हैं। इसके तहत फॉलो करें और राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर डायल करें।

आत्मनिर्भरता नीति ही नहीं, यह जुनून बन गया है

प्रधानमंत्री ने कहा, आत्मनिर्भरता न केवल हमारी नीति है, बल्कि अब यह हमारा जुनून बन गया है। आत्मनिर्भर भारत अभियान एक जन-आंदोलन बनता जा रहा है। 10 वर्ष पहले यदि कोई कहता था कि देश में कोई जटिल तकनीक डेवेलप की जा रही है तो कई लोग इस पर भरोसा ही नहीं करते थे। विश्वास करने के बजाय कई लोग इसका मजाक उड़ाते थे। उन्होंने कहा, भारत आज हर क्षेत्र में कमाल का काम कर रहा है और मजाक उड़ाने वाले लोग ही देश को बुलंदियां छूते देखकर अब आश्चर्यचकित रह जाते हैं।

लद्दाख में ‘इमेजिंग टेलीस्कोप’ शुरू कर मिसाल पेश की 

पीएम मोदी ने बताया कि हमने इसी महीने लद्दाख के हानले में 4300 मीटर की ऊंचाई पर स्थित एशिया के सबसे बड़े ‘इमेजिंग टेलीस्कोप एमएसीई’ का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया, लद्दाख का हानले ऐसा स्थान है, जहां ठंड -30 डिग्री से भी कम होती है। आक्सीजन तक की भी वहां कमी होती है। पीएम ने कहा, ऐसी कठिन परिस्थितियों मेें स्थानीय उद्योग व हमारे साइंटिस्टों ने वह करके दिखाया है जो आज तक एशिया का कोई और देश नहीं कर सका है। उन्होंने कहा, हानले टेलिस्कोप भले दूर की दुनिया देख रहा हो, पर यह भारत की बढ़ती आत्मनिर्भरता का व ताकत का उदाहरण है। यह हमें आत्मनिर्भर भारत की ताकत दिखा रहा है।

पटेल और बिरसा मुंडा का एक ही विजन- ‘देश की एकता’

प्रधानमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा और सरदार पटेल को याद करते हुए कहा, भारत के सामने हर युग में कई चुनौतियां आई हैं लेकिन देश कभी इनसे हारा नहीं। उन्होंने बताया कि सरदार पटेल और भगवान बिरसा मुंडा के समक्ष भी विभिन्न चुनौतियां थीं, पर ये कभी पीछे नहीं हटे। हर चुनौती को पार कर आगे बढ़ते रहे। इनका एक ही विजन था- देश की एकता। पीएम मोदी ने कहा, इन दोनों महापुरुषों में साहस और दूरदर्शिता थी।

दोनों महापुरुषों की 150वीं जयंती मनाएगा देश

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश इस बार सरदार पटेल और भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती मनाएगा। उन्होंने कहा, इस अगले सप्ताह 31 अक्टूबर से सरदार पटेल की 150वीं जयंती वर्ष की शुरुआत होगी। इसके बाद 15 नवंबर से भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती वर्ष आरंभ होगा।

यह भी पढ़ें : Sharda Sinha Health: बिहार की लोकप्रिय गायिका की हालत गंभीर, दुआओं का दौर