Amritsar News : बदहाल कानून व्यवस्था के लिए मान सरकार जिम्मेदार: श्वेत मलिक

0
69
बदहाल कानून व्यवस्था के लिए मान सरकार जिम्मेदार: श्वेत मलिक
बदहाल कानून व्यवस्था के लिए मान सरकार जिम्मेदार: श्वेत मलिक
Amritsar News (आज समाज)अमृतसर :  पंजाब में जब से आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है, तब से आम आदमी पार्टी द्वारा पंजाब को अराजकता की ओर धकेलने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। भगवंत मान सरकार की गलत नीतियों के कारण तथा माफिया के पालन पोषण करने के चलते पंजाब की जनता डर के साए में जी रही है। यह कहना है पूर्व सांसद व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक तथा भाजपा जिलाध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू का।
श्वेत मलिक, हरविंदर सिंह संधू व अन्य भाजपा नेता व कार्यकर्ता भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता कुलबीर सिंह का हाल जानने गुरु नानक देव अस्पताल पहुंचे थे। गौरतलब है कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता कुलबीर सिंह अपने जंडियाला में गांव के छपड़ की अपने साथियों सहित सफाई कर रहे थे। इसी दौरान गांव के आम आदमी पार्टी के पंचायत सदस्य बंटी द्वारा कुलबीर सिंह व उनके साथियों पर अपने साथियों के साथ तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया गया।
इस दौरान कुलबीर सिंह के सिर में तेजधार हथियार लगा और वह गंभीर जख्मी होकर जमीन पर गिर गए। इस हमले में कुलबीर सिंह के साथियों को भी चोटें आई, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। श्वेत मलिक ने इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि  गुरुनगरी सहित पंजाब में कानून व्यवस्था की हालत बद से बदतर हो चुकी है। श्वेत मलिक ने भगवंत मान तथा डीजीपी पंजाब से मांग की कि कुलबीर सिंह तथा उनके साथियों पर जानलेवा हमला करने वालों के विरुद्ध इरादा ए कत्ल मामला दर्ज कर आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करें।