Mahendragarh News : नारनौल की बदलाव रैली में मोदी पर गरजी सुनीता केजरीवाल

0
61
Sunita Kejriwal lashes out at Modi in Narnaul's change rally
रैली को संबोधित करते दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल।

(Mahendragarh News) नारनौल। नारनौल में आयोजित आम आदमी पार्टी (आप) की बदलाव रैली में पहुंची दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा कि हरियाणा के लोग मोदी द्वारा किए जा रहे अन्याय का बदला जरूर लेंगे। वे शनिवार को नारनौल की नई कचहरी मैदान में लोगों को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि आप की सरकार बनने के बाद हरियाणा को शानदार स्कूल, अस्पताल और मुफ्त बिजली देंगे।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के बेटे अरविंद केजरीवाल पीएम मोदी के सामने नहीं झुकेंगे। उन्होंने लोगों से कहा कि आपके बेटे ने दिल्ली और पंजाब को बदल दिया है। मोदी से जनता का हित और उनका काम देखा नहीं गया और उन्होंने हरियाणा के लाल अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करा दिया, लेकिन हरियाणा वाले केजरीवाल के साथ हुए अन्याय का बदला मोदी से लेंगे।

सुनीता केजरीवाल ने कहा कि मोदी ने हरियाणा के लोगों को चुनौती दी है कि मैंने आपके बेटे को जेल में डाल दिया है, अब जो करना है कर लो। क्या आप लोग यह अन्याय सहेंगे? मैं नरेंद्र मोदी को बता दूं कि अरविंद केजरीवाल शेर हैं और वह आपके सामने ना टूटेंगे और न ही झुकेंगे। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल जी हरियाणा के लाल हैं। हरियाणा का यह लाल दिल्ली का मुख्यमंत्री बना और देश की राजनीति को बदलकर रख दिया।

इस जनसभा को संबोधित करने के दौरान सुनीता केजरीवाल ने जनता के कई वादे जैसे गांव-शहर में मोहल्ला क्लिनिक, सरकारी स्कूल, अस्पताल को ठीक करना, मुफ्त शिक्षा, महिलाओं को सशक्त बनाना, हर महीने एक हजार रुपए और हर युवाओं को रोजगार देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के हिसार में कृष्ण जन्माष्टमी के दिन अरविंद केजरीवाल का जन्म हुआ, यह कोई मामूली इत्तफाक नहीं है। भगवान उनसे कुछ बड़ा कराना चाह रहे हैं। उन्होंने दिल्ली और पंजाब की राजनीति बदल दी, अब हरियाणा की बारी है। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली और पंजाब को बदला है।

इस मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता, सांसद संदीप पाठक, प्रदेश संगठन मंत्री रविंद्र सिंह मटरू सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी, कायकर्ता व लोग मौजूद थे।