Mahendragarh News : निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दो दिन बाद तबीयत बिगड़ने से महिला की मौत

0
150
Police explaining to the angry family members of the deceased outside the private hospital in Satnali.
सतनाली में निजी अस्पताल के बाहर मृतका के गुस्साए परिजनों को समझाते पुलिस।

(Mahendragarh News) महेंद्रगढ़। जिला महेंद्रगढ़ के खंड सतनाली में बिहार निवासी एक महिला की निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दो दिन बाद तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजनों ने निजी अस्पताल के चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। गुस्साए परिजनों ने निजी अस्पताल के सामने रास्ते को जाम कर दिया और जमकर नारेबाजी की। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाया और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। मृतका के 2 छोटे-छोटे बच्चे भी हैं।

मृतका के पति मोहम्मद राशिक आलम ने बताया कि वह बिहार राज्य का रहने वाला है। पिछले 17 सालों से सतनाली में वह रंग पेंट का कार्य कर रहा है। उसकी 27 वर्षीय पत्नी रूकसाना के पेट में तकलीफ थी। जांच करने पर उसके पेट के अंदर पित की थैली में पथरी थी। उन्होंने शहर के एक निजी अस्पताल में 12 जुलाई को ऑपरेशन करवाया था।

चिकित्सक ने अगले दिन सफल ऑपरेशन होने की पुष्टि कर दी थी। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के बाद उसकी पत्नी दर्द बता रही थी। इस संबंध में उन्होंने चिकित्सक को बताया था। चिकित्सक ने कहा था कि इसका माइनर ऑपरेशन होगा जो बाद में ठीक हो जाएगा।

उसके बाद उन्होंने इंजेक्शन लगाकर दो दिन यहां भर्ती रखा और उसके बाद छुट्टी दे दी। बाद में पत्नी को ज्यादा दिक्कत होने लगी और उसका पेट फूलने लगा। वो बाद में दूसरे निजी अस्पताल में चले गए। जहां पर चिकित्सकों ने उसको कुछ घंटों के लिए भर्ती कर दिया। उन्होंने पत्नी की सिटी स्कैन करवाया, तो उसमें आंत में कट लगने की रिपोर्ट आई।

इसके बाद वो वापस उसी अस्पताल में लेकर आए जहां पर चिकित्सकों ने इसका दोबारा ऑपरेशन किया। इसके बाद हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। वो उनको रोहतक पीजीआई लेकर गए जहां पर 3-4 घंटे बाद ही उसकी मौत हो गई। उन्होंने चिकित्सक पर इलाज के दौरान लापरवाही करने का आरोप लगाया है और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।