(Mahendragarh News) महेंद्रगढ़। विजय इंटरनेशनल स्कूल बलाना में नए शैक्षणिक सत्र 2025-26 की शुभ शुरुआत के उपलक्ष्य में हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस पावन कार्यक्रम में विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ आचार्य ने यज्ञ सम्पन्न करवाया। हवन यज्ञ के माध्यम से विद्यालय परिवार ने सुख-समृद्धि, उत्तम शिक्षा एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में यजमान के रूप में संस्था के चेयरमैन विजय यादव टूमना, उनकी धर्मपत्नी नीतू यादव, पिता महेंद्र सिंह एवं माता रामकला देवी मुख्य रूप से आसीन रहे। आचार्य द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ अग्नि में आहुति अर्पित कर विद्यालय के नए सत्र का शुभारंभ किया गया।
भारतीय संस्कृति में किसी भी कार्य का शुभारंभ हवन यज्ञ के माध्यम से किया जाता है : नत्थू सिंह
विद्यालय के प्रिंसिपल नत्थू सिंह ने बताया कि भारतीय संस्कृति में किसी भी कार्य का शुभारंभ हवन यज्ञ के माध्यम से किया जाता है। इससे वातावरण शुद्ध होने के साथ-साथ मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्कारवान शिक्षा प्रदान करना है, जिससे वे समाज में एक जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकें।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन विजय यादव टूमना ने अपने संबोधन में कहा कि हवन यज्ञ भारतीय संस्कृति की आध्यात्मिक परंपरा का प्रतीक है, जो न केवल धार्मिक दृष्टि से बल्कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण से भी अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में विद्यार्थियों की बेहतरीन शिक्षा के लिए अनुभवी एवं योग्य फैकल्टी उपलब्ध है, जो हर प्रकार की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए विद्यार्थियों को तैयार करती है।
विद्यालय के संरक्षक महेंद्र सिंह ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं अध्यापकों को नए सत्र की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मंत्रोच्चारण से उत्पन्न ध्वनि तरंगें सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं, जो विद्यार्थियों की एकाग्रता एवं मानसिक विकास में सहायक होती हैं।
कार्यक्रम में सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं अध्यापकों ने आहुति प्रदान कर ईश्वर से नए सत्र के सफल संचालन की प्रार्थना की। विद्यालय परिसर मंत्रोच्चारण और आहुति की सुगंध से गूंज उठा। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ, गणमान्य नागरिक एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी को प्रसाद वितरित किया गया। फोटो- विजय इंटरनेशनल स्कूल बलाना में नए सत्र के शुभारंभ पर हवन यज्ञ करते चेयरमैन, स्टाफ सदस्य व विद्यार्थी।
यह भी पढ़ें: Vivo V50 की कीमत में गिरावट, और ये बेहतरीन ऑफर