Mahendragarh News : बुधादित्य योग में तीन ग्रहों के शुभ प्रभाव के साथ मनाया जाएगा करवा चौथ पर्व

0
7
Karwa Chauth festival will be celebrated with the auspicious effect of three planets in Budhaditya Yoga
सतनाली में दुकान पर बिक्री के लिए रखे करवे।

(Mahendragarh News) सतनाली। महिलाओं द्वारा अपने पति की लंबी उम्र व अखंड सौभाग्य की कामना के साथ मनाया जाने वाला करवा चौथ पर्व इस बार रविवार यानी 20 अक्टूबर को मनाया जाएगा। इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र की कामना को पूजा अर्चना करती है तथा व्रत रखती है। सुहागिन महिलाएं करवा चौथ पर कथा सुनकर व्रत रखती है तथा रात को चंद्रमा के उदय के पश्चात अर्घ्य देकर उपवास खोलती है।

पंडित दिनेश मिश्रा ने बताया कि करवा चौथ का व्रत कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को किया जाता है। इस दिन सूर्य और बुध से बुधादित्य योग बनेगा साथ ही करवा चौथ पर 3 ग्रहों का शुभ प्रभाव भी रहेगा। इस साल करवा चौथ पर ग्रहों का महायोग है। मिश्रा के अनुसार शनि कुंभ राशि में, गुरु वृष राशि में और शुक्र वृश्चिक राशि में है। तीनों ग्रहों के शुभ प्रभाव से कई अच्छे संयोग बन रहे है। ऐसे में पति के भाग्योदय हॉेंगे तथा उनके लंबित व बिगड़े काम बनेंगे। महिलाएं पूरे दिन निर्जला उपवास रखती है।

दोपहर में घर में पूजा करती है तथा मिट्टी की छोटी कुलड़ी में चीनी भरकर या चीनी के करवे से पूजा का श्रृंगार सजाती है। रात में छलनी में चांद और पति को देखकर जल ग्रहण करती हैं। अबकी बार चंद्रमा के उदय का समय रात 8 बजकर 5 मिनट पर चांद निकलने का समय है। इस दिन सुहागिन घरों में पूजा में भोग लगाने के लिए तरह- तरह के व्यंजन तैयार करती है। वहीं दूसरी ओर करवा चौथ पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बाजारों में महिलाओं की भीड़ देखने को मिल रही है। कपड़ों व आभूषण खरीदने के लिए दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है वहीं हलवाईयों व परचून की दुकानों पर करवा तैयार करके बिक्री के लिए रखे जा रहे है।

 

 

यह भी पढ़ें : Mahendragarh News : नांवा में शरद पूर्णिमा पर चंद्र किरणों में तैयार की गई औषधि युक्त खीर का वितरण