Mahendragarh News : महेंद्रगढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी राव दानसिंह ने किया नामांकन

0
207
Congress candidate Rao Dan Singh filed nomination from Mahindergarh assembly seat
महेंद्रगढ़ की सब्जी मंडी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा।

(Mahendragarh News) महेंद्रगढ़। महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी राव दानसिंह ने आज अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को नामांकन के समय आना था, लेकिन वह समय पर नहीं पहुंच पाए और सीधे ही सब्जी मंडी में आयोजित जनसभा में पहुंचे। पंडाल कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पूरा भरा था। यहां पर पूर्व सीएम हुड्डा व राव दान सिंह के समर्थन में नारे लगाकर कार्यकर्ताओं ने अपना जोश दिखाया। महेंद्रगढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी राव दान सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का इंतजार न करते हुए, उनके आने से 40 मिनट पहले मुहूर्त के अनुसार परिवार सहित नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। महेंद्रगढ़ की सब्जी मंडी में आयोजित जनसभा में बोलते हुए चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि राव दान सिंह का भविष्य उज्जवल है। वे इलाके की लड़ाई लड़ते हैं। आप इनको विधानसभा में भेजें। आगे का काम वह कर देंगे।

प्रदेश में इस बार कांग्रेस की सरकार

इस मौके पर उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि 2014 में हमारा प्रदेश प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश, कानून व्यवस्था, नौकरी देने में, खेल खिलाड़ियों में नंबर एक पर था। लेकिन भाजपा ने अपने 10 साल के शासनकाल में प्रदेश को बेरोजगारी, अपराध, महंगाई में नंबर वन बना दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं दिया जा रहा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने गरीबों को चार लाख प्लाट दिए थे। 3 लाख चिन्हित भी कर दिए थे, लेकिन इस सरकार ने आते ही उनको निरस्त कर दिया। यह सरकार किसानों के लिए तीन काले कानून लेकर आई। उस समय 750 किसानों ने शहादत दी। तब उन्होंने काला कानून वापस लिया। उन्होंने कहा कि यह सरकार किसान, मजदूर, व्यापारी और कर्मचारी विरोधी है। श्री हुड्डा ने बताया कि जल्द ही कांग्रेस अपना घोषणा पत्र जारी करेगी। जिसके अंदर हर वर्ग का समुचित ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने आखिर में कहा कि प्रदेश में इस बार कांग्रेस की सरकार बन रही है। अगर महेंद्रगढ़ को पहचान बनानी है तो राव दान सिंह को भारी बहुमत से जीताकर विधानसभा भेजें। कांग्रेस प्रत्याशी राव दानसिंह ने मीडिया के समक्ष कहा कि भाजपा सरकार के 10 साल में क्षेत्र की जनता को निराशा के अलावा कुछ नहीं मिला। बेरोजगार रोजगार के लिए भटक रहे हैं। किसानों को फसलों का भाव नहीं मिल रहा। लोग महंगाई से त्रस्त हैं । इस परिस्थिति में प्रदेश में परिवर्तन का माहौल बना हुआ है। प्रदेश की जनता अब कांग्रेस सरकार बनाने के मूड में है।

महेंद्रगढ़ की जनता का वह आभार प्रकट करते हैं कि जिन्होंने चार बार उन्हें विधानसभा में पहुंचाया। उन्होंने विश्वास जाता है कि एक बार फिर क्षेत्र की जनता उन्हें आशीर्वाद देगी। इस बार वह आईएमटी खुडाना और हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में मेडिकल कॉलेज स्थापित करेंगे। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने बताया कि हर चुनाव में नए समीकरण बनते हैं और इस बार कांग्रेस के प्रति माहौल बना हुआ है। निश्चित रूप से कांग्रेस के सभी उम्मीदवार जीत कर आएंगे। उनके नामांकन के अवसर पर उनके बड़े भाई राव रामकुमार, पत्नी संध्या राव, पुत्र अक्षत राव और पुत्री अनुश्री राव मौजूद रही।भूपेंद्र सिंह हुड्डा की उपस्थिति में नामांकन के सवाल पर उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को चार जगह नामांकन करवाना था। उनके पास समय का अभाव होने की वजह से नामांकन पहले किया गया है। इस मौके पर झुंझुनू के सांसद बिजेंद्र सिंह ओला भी मौजूद रहे।

 

 

यह भी पढ़ें : Kurukshetra News : न्यू कॉलोनी में खुला भाजपा थानेसर मंडल शक्ति केंद्र कार्यालय