Mahendragarh News : नेशनल हाईवे 152-डी पर बीती रात स्कॉर्पियो गाड़ी व ट्रक की टक्कर

0
146
Collision between Scorpio car and truck on National Highway 152-D last night
मौके पर खड़ी क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो गाड़ी।

(Mahendragarh News) महेंद्रगढ़। नेशनल हाईवे 152-डी पर बीती शनिवार रात स्कॉर्पियो गाड़ी व ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति घायल है, जिसे गंभीर हालत में रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है।पुलिस ने शवों को सिविल अस्पताल भिजवा दिया है। मृतकों के परिजनों के आने के बाद पोस्टमॉर्टम व आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मृतकों में एक की पहचान जालंधर के गुरु नानक पुरा निवासी नायब सलमानी के रूप में हुई है। अन्य दो की अभी पहचान नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि मृतक अजमेर से जालंधर जा रहे थे।जानकारी के अनुसार रविवार सुबह 2:45 बजे सुप्रीम लॉजिस्टिक कंपनी का ट्रक नेशनल हाईवे 152-डी पर अंबाला की ओर जा रहा था। इसे अजमेर के थाना विनायक क्षेत्र निवासी सुखदेव चला रहा था। ट्रक जब हाईवे पर गांव सुरजनवास के पास पहुंचा तो पीछे से उसमें एक स्कॉर्पियो घुस गई।

लोगों की मदद से चारों को निकाला गया स्कॉर्पियो से बाहर

दुर्घटना में स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसमें चार लोग सवार थे। लोगों की मदद से चारों को स्कॉर्पियो से बाहर निकाला गया। एंबुलेंस बुलाकर उन्हें सिविल अस्पताल महेंद्रगढ़ लाया गया।यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सनी उर्फ ​​तेजेंदर सिंह निवासी गुरु नानक पुरा जालंधर को हायर सेंटर रेफर कर दिया। उसके 3 अन्य साथियों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

तीनों मृतकों के शव महेंद्रगढ़ सिविल अस्पताल में रखवाए गए हैं। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। महेंद्रगढ़ सिविल अस्पताल के डॉ. शिवम ने बताया कि रात को उनके पास 4 लोग आए थे। इनमें से एक को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बाकी तीन की पहले ही मौत हो चुकी थी। तीनों के शव मॉर्च्युरी में रखवा दिए गए हैं।