
महेंद्रगढ़: आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. मनीष यादव ने बुधवार को महेंद्रगढ़ कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित किया।
इस दौरान वे केंद्रीय मंत्री अमित शाह के महेंद्रगढ़ दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी की राज्य सरकार पर खुलकर बरसे।
उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़ की जनता को इस दौरे में केंद्रीय मंत्री और राज्य सरकार से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन भाजपा के 10 साल के कार्यकाल की तरह यह दौरा भी महेंद्रगढ़ के लिए खोखला साबित हुआ।
डॉ. मनीष यादव ने कहा कि 16 जुलाई को हकेवि में हरियाणा सरकार द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय बीसी सम्मान सम्मेलन का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़ की जनता ने 10 साल तक राज्य और केंद्र में भाजपा की सरकार बनाने में पूरा सहयोग किया है, लेकिन 10 साल का कार्यकाल पूरा होने के बावजूद भाजपा ने महेंद्रगढ़ की 36 बिरादरियों से किए गए सभी वादे अधूरे छोड़ दिए हैं। भाजपा धरातल पर एक भी वादा पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है।
डॉ. मनीष यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा ने इस कार्यक्रम में सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग हरियाणा के तहत सरकारी धन का दुरुपयोग किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय को राजनीति का केंद्र बनाया गया, बीसी सम्मान सम्मेलन की आड़ में चुनावी रैली में भीड़ जुटाने के लिए हरियाणा रोडवेज की बसों का दुरुपयोग किया गया तथा मंच से भाजपा कार्यकाल की झूठी प्रशंसा की गई।
हरियाणा में अपनी निश्चित हार को देखते हुए भाजपा अब प्रदेश में जातिवाद पैदा करके फूट डालो राज करो की नीति पर चल रही है। किसी भी हालत में भाजपा की यह गंदी राजनीति हरियाणा में नहीं चलने वाली है।
उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में महेंद्रगढ़ की जनता काम की गारंटी के लिए आम आदमी पार्टी से जुड़ेगी। इस बार प्रदेश में लोग भाजपा व कांग्रेस को छोड़कर दिल्ली व पंजाब में किए गए कामों को देखते हुए आम आदमी पार्टी की ईमानदार सरकार बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।