Maharashtra Weather Updates: महाराष्ट्र के कई जिलों में 5 दिन तक भारी बारिश का अनुामन, रेड अलर्ट जारी

0
182
Maharashtra Weather Updates महाराष्ट्र के कई जिलों में 5 दिन तक भारी बारिश का अनुामन, रेड अलर्ट जारी
Maharashtra Weather Updates : महाराष्ट्र के कई जिलों में 5 दिन तक भारी बारिश का अनुामन, रेड अलर्ट जारी

Heavy Rain Expected For 5 Days In Maharashtra, (आज समाज), मुंबई: इस बार मानसून ने महाराष्ट्र को अपनी चपेट में ले लिया है। राज्य में लगातार जारी बारिश से फिलहाल राहत के कोई आसार नहीं हैं। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के अलग-अलग इलाकों में 5 दिन तक भारी बारिश होने का अनुमान है। अधिकारियों ने मुंबई, ठाणे, पालघर व रायगढ़ समेत अन्य कुछ जगहों के लिए बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। पुणे में पहले ही बारिश ने कहर बरपा रखा है। जिले में कई इलाके जलमग्न हैं। रिहायशी इलाकों में पानी भर गया है। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद प्रदेश शिक्षा विभाग ने एहतियातन पालघर जिले व पुणे के सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा कर दी है।

पर्यटकों को सावधानी बरतने की सलाह

मौसम विभाग के अनुसार सतारा, नासिक, अहमदनगर और उत्तरी महाराष्ट्र में भी भारी बारिश की संभावना है। वहीं चंद्रपुर, वर्धा, नागपुर, धुले और अमरावती जिले में तूफान को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। पर्यटकों से सावधानी बरतने को कहा गया है। साथ ही पानी वाली जगहों से लोगों को दूरी बनाए रखने की चेतावनी दी गई है। झरनों में अचानक से पानी बढ़ सकता है इसलिए किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की लोगों को सलाह दी गई है।

मुंबई : परिवहन व्यवस्था ठप, तेज हवाओं की चेतावनी

मुंबई में लगातार बारिश के कारण परिवहन व्यवस्था बुरी तरह से बाधित है। सड़कों पर लंबी ट्रफिक व रेलवे पटरियों पर पानी के कारण लगभग सभी ट्रेनें देरी से चल रही हैं। मुंबई नगर निगम के मुताबिक शहर में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। अलग-अलग समय पर हाई टाइड की भी संभावना जताई गई है। पुणे में मुला मुथा नदी उफान पर है। वहीं अधेरी इलाके में पानी भरने की वजह से आम सड़क तालाब जैसी नजर आ रही है। सड़कों को बंद कर दिया गया है। आवाजाही पर रोक है।