Maharashtra Weather: पुणे में भारी बारिश के कारण घरों में पानी घुसा, करंट लगने से 3 लोगों की मौत

0
94
Maharashtra Weather पुणे में भारी बारिश के कारण घरों में पानी घुसा, करंट लगने से 3 लोगों की मौत
Maharashtra Weather : पुणे में भारी बारिश के कारण घरों में पानी घुसा, करंट लगने से 3 लोगों की मौत

Maharashtra Pune Rain Havoc, (आज समाज), मुंबई: महाराष्ट्र के पुणे में भारी बारिश ने तबाही मचानी शुरू कर दी है। कई रिहायशी इलाकों में कल रात पानी भरने के बाद संभावित खतरे वाले इलाकों में एहतियातन स्कूल बंद कर दिए गए हैं। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुणे की करीब 15 हाउसिंग सोसाइटी में बारिश का पानी घुस गया है जिसके चलते लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। हाउसिंग सोसाइटी करंट लगने से तीन लोगों की मौत हो गई है।

डैम से पानी छोड़ा, और बढ़ी परेशानी

रातभर हुई बारिश के बाद कई लोग घरों में फंसे हुए हैं। पुणे के बीच से बहने वाली मुठा नदी में खडगवासला डैम से पानी छोड़े जाने से परेशानी और बढ़ गई है। यहां करीब 40 क्यूसके ज्यादा पानी छोड़ा गया है। शहर के कई इलाकों में रात से बिजली भी नहीं है। पुणे शहर की चार अलग-अलग जगह 100 एमएम से भी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।

इन इलाकों में अब भी भारी बारिश का रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने आज पुणे शहर के अलावा यहां मावल, भोर, मुलशी, हवेली, वेल्हा और तालुका के खडकवासला क्षेत्र में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में आज स्कल बंद रखे गए हैं। वहीं पुणे शहर के निचले इलाकों में जलजमाव की आशंका के मद्देनजर जिला कलेक्टर सुहास दिवासे ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने लोगों को जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है। पिंपरी चिंचवड़ नगर निगम क्षेत्र में भी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया गया है।

मुंबई विश्वविद्यालय ने स्थगित कीं परीक्षाएं

डिप्टी सीएम अजित पवार ने कलेक्टर सुहास दिवासे से पुणे की स्थिति जानने के लिए फोन पर बात की है। साथ ही हालात पर काबू पाने के निर्देश दिए हैं। जिन सोसाइटियों में पानी भरा है उनके लिए तत्काल उपाय करने का आदेश भी दिया है। पुणे के बाद रायगढ़ के भी कई इलाकों के स्कूलों की बारिश की वजह से छुट्टी कर दी गई है। मुंबई विश्वविद्यालय ने भी आज होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। इन सभी परीक्षाओं की संशोधित तारीखें जल्द ही घोषित की जाएंगी।