- कालका से विधायक शक्ति रानी शर्मा भी समारोह में पहुंची
- पूरा स्टेडियम भगवान परशुराम के जयकारों से गूंजने लगा
Panchkula Parshuram Jayanti Festival, (आज समाज), पंचकूला: राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा की अगुवाई में हरियाणा के पंचकूला स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित भगवान परशुराम जयंती महोत्सव में हरियाणा के सभी जिलों से लोग पहंचे हैं। पूरा स्टेडियम भगवान परशुराम के जयकारों से गूंजने लगा है। प्रदेश के लोगों का कहना है कि यह महोत्सव न केवल ब्राह्मण समाज की एकता का प्रतीक बनेगा, बल्कि हरियाणा के सांस्कृतिक और सामाजिक इतिहास में भी एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ने वाला साबित होगा।
पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा भी मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा भी पहुंचे चुके हैं। कालका से बीजेपी की विधायक शक्ति रानी शर्मा भी कार्यक्रम में मौजूद हैं। वहीं एमपी कार्तिकेय शर्मा कार्यक्रम में आ रहे अतिथियों का स्वागत कर रहे हैं। कार्यक्रम में पहुंचने के बाद विनोद शर्मा और शक्ति रानी शर्मा भी अतिथियों का स्वागत कर रहे हैं। प्रदेश के पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा कार्यक्रम को संबोधित कर रहे हैं।
जल्द पहुंचेंगे सीएम सैनी
सूत्रों के अनुसार हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी बहुत जल्द कार्यक्रम में पहुंचने वाले हैं। वह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उनके साथ प्रदेश के अनेक वरिष्ठ मंत्री, विधायक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि भी समारोह की शोभा बढ़ाएंगे।
भगवान परशुराम 36 बिरादरी के भगवान : कार्तिकेय शर्मा
ऐतिहासिक राज्यस्तरीय विशाल सम्मेलन के संयोजक राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा का कहना है कि भगवान परशुराम केवल ब्राहण समाज के ही भगवान नहीं है बल्कि वे 36 बिरादरी के भगवान हैं। उन्होंने कहा कि हमें भगवान परशुराम की शिक्षाओं एवं उनके जीवन चरित्र को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
साधु-संत एवं समाजसेवी भी समारोह में कर रहे शिरकत
हरियाणा सहित देश के विभिन्न भागों से ब्राह्मण समाज के गणमान्य व्यक्ति, साधु-संत एवं समाजसेवी समारोह में शिरकत कर रहे हैं। भगवान परशुराम जयंती के पावन अवसर पर ताऊ देवीलाल स्टेडियम को सजाने के लिए भव्य पंडाल, विशाल मंच और आकर्षक सजावट की गई है। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, जलपान व बैठने की भी बेहतर व्यवस्था की गई है।
ये भी पढ़ें: Haryana :पंचकूला में भगवान परशुराम जयंती महोत्सव की तैयारियां पूरी, जल्द शुरू होगा कार्यक्रम