20 से 30 किलोमीटर की गति से चलेगी हवा, गर्मी से मिलेगी राहत
Delhi Weather (आज समाज), नई दिल्ली : जनवरी से ही बारिश की कमी और सामान्य से अधिक तापमान से जूझ रहे राजधानी व आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए आने वाला एक सप्ताह राहत भरा रहने के आसार हैं। राजधानी में आज हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है कि आने वाले कल के लिए भी मौसम ऐसा ही रहेगा। जिससे लोगों को बढ़ते तापमान से आंशिक रूप से राहत मिलेगी।
आज गरज के साथ हल्की बारिश होने की आशंका है। इस दौरान 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलेंगी। ऐसे में अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। इसके चलते सुबह व शाम ठिठुरन बढ़ेगी। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव आया है। वहीं, मौसम विभाग की माने तो 2 मार्च से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है।
बुधवार को 32 डिग्री से ज्यादा था तापमान
इधर बुधवार को आसमान साफ रहा। सूरज की तपिश ने गर्मी का अहसास कराया। सुबह के समय हल्की ठंड रही, जबकि शाम को लोगों को ठंड का कम अहसास हुआ। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस अधिक के साथ 32.4 डिग्री दर्ज किया गया। ऐसे में हवा में आर्द्रता का स्तर 86 और 39 फीसदी रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक के साथ 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुछ इलाकों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।
अभी भी नहीं सुधर रही हवा की हालत
हवा की गति कम होने से राजधानी की हवा खराब श्रेणी में पहुंच गई है। बुधवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 247 दर्ज किया गया। यह हवा की खराब श्रेणी है। इसमें मंगलवार की तुलना में 39 सूचकांक का इजाफा हुआ। हवा की गुणवत्ता खराब होने से लोगों को आंखों में जलन व हवा में सांस लेने में तकलीफ महसूस की। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक हवाएं खराब श्रेणी में ही रहेंगी। शनिवार से प्रदूषण का स्तर कम हो सकता है।
ये भी पढ़ें : Punjab News : हम किसी भी जांच के लिए तैयार : अरोड़ा
ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : सीएम से की शंभू बॉर्डर खुलवाने की मांग