8 दिन पहले हुई थी शादी, हनीमून के लिए जम्मू-कश्मीर गए थे विनय और हिमांशी
Karnal News (आज समाज) करनाल: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में हरियाणा के करनाल वासी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की भी मौत हुई है। विनय नरवाल अपनी पत्नी हिमांशी के साथ हनीमून के लिए जम्मू-कश्मीर गए थे। दोनों की 8 दिन पहले की शादी हुई थी। अभी तो हिमांशी के हाथों की महंदी भी नहीं उतरी थी के उसके माथे का सिंदूर उतर गया। हिमांशी ने बताया कि वे मंगलवार को जब वे बैसारन घाटी में घूम रहे थे। मैं अपने पति के साथ भेलपुरी खा रही थी।

तभी एक आदमी आया और कहा ये मुस्लिम नहीं है, फिर गोली मार दी। विनय के परिवार के लोगों को मंगलवार शाम को घटना की सूचना मिली। जिसके बाद वे जम्मू कश्मीर के लिए रवाना हो गए। उनका शव आज करनाल लाया जा सकता है। विनय नरवाल मूल रूप से करनाल के भुसली गांव के रहने वाले थे, लेकिन उनका परिवार सेक्टर-7 में रहता है। बीटेक करने के बाद, वह 3 साल पहले नेवी में लेफ्टिनेंट के पद पर भर्ती हुए थे। उनकी ड्यूटी केरल के कोच्चि में थी। परिवार के सदस्य अमित ने बताया कि 1 मई को विनय का जन्मदिन था।

पिता कस्टम विभाग में तो दादा पुलिस से हो चुके रिटायर

विनय के पिता राजेश कुमार कस्टम विभाग में सुपरिंटेंडेंट के पद पर कार्यरत हैं। उनकी ड्यूटी पानीपत में है। दादा हवा सिंह 2004 में हरियाणा पुलिस से रिटायर हुए थे। मां आशा देवी और दादी बीरू देवी गृहिणी हैं। विनय की छोटी बहन सृष्टि दिल्ली में सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रही हैं।

16 अप्रैल को हुई थी शादी

उनका 2 महीने पहले गुरुग्राम की हिमांशी के साथ रिश्ता पक्का हुआ था। हिमांशी पीएचडी कर रही हैं और साथ ही बच्चों को आॅनलाइन पढ़ाती हैं। 30 मार्च को विनय शादी के लिए छुट्टी लेकर आए थे। 16 अप्रैल को गुरुग्राम में उनकी हिमांशी से शादी हुई। 19 तारीख को करनाल में रिसेप्शन पार्टी रखी गई थी। इसके बाद 21 अप्रैल को दोनों जम्मू कश्मीर के लिए निकल गए। 22 अप्रैल को, पहलगाम में वे होटल में ठहरे हुए थे। खाना खाने के बाद, वे नीचे डेस्टिनेशन पॉइंट पर घूमने के लिए गए थे। उसी दौरान आतंकी हमला हो गया।

ये भी पढ़ें : हरियाणा में आज मौसम रहेगा साफ, कल 14 जिलों में चलेंगी लू, यलो अलर्ट जारी

ये भी पढ़ें : हरियाणा में अब आॅफलाइन भी खरीदी जाएगी फसल