Bhiwani News: भिवानी के बहल में घुसा तेंदुआ

0
96
भिवानी के बहल में घुसा तेंदुआ
भिवानी के बहल में घुसा तेंदुआ

Bhiwani News (आज समाज) भिवानी: हरियाणा के भिवानी में गुरूवार सुबह तेंदुआ घुसने से हड़कंप मच गया। गांव के नजदीक तेंदुआ देख ग्रामीणों ने इसकी वीडियो बना ली। जिसे तुरंत जिला प्रशासन को भेजा गया। इसके बाद प्रशासन ने वीडियो को सार्वजनिक करते हुए लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा है। इसके साथ ही वन विभाग की टीम को तेंदुएं की तलाश में रवाना कर दिया गया है। वन विभाग की टीमें गांव में पहुंचकर तेंदुएं के पैरों के निशान से उसे ढूंढ रहे हैं। प्रशासन के मुताबिक यह तेंदुआ भिवानी जिले के बहल कस्बे के गांव मतानी के खेतों में नजर आया। उस वक्त ग्रामीण खेतों में काम करने के लिए गए थे। तेंदुए को देखते ही उन्होंने तुरंत उसकी वीडियो बना ली। इसके साथ ही तेंदुए के बारे में जिला प्रशासन और वन्य जीव विभाग को सूचना दी गई। वहीं इस बारे में वन विभाग के इंस्पेक्टर देवेंद्र हुड्डा ने बताया कि वीडियो में जो जीव दिखाई दे रहा है, उसकी पूंछ व शरीर देख कर प्राथमिक जांच में वह जंगली बिल्ली लग रही है। विभाग पूरी गंभीरता से इसे देख रहा है। वन्य जीव विभाग के दरोगा अजय कुमार की वहां निगरानी के लिए ड्यूटी लगाई गई है। तेंदुए की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने ग्रामीणों को अलर्ट कर दिया है। उन्हें कहा गया है कि अगर तेंदुआ कहीं दोबारा दिखे तो उसके बारे में तुरंत प्रशासन को सूचना दें ताकि उसे पकड़ा जा सके। इसके लिए वन्य जीव विभाग के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। वन विभाग ने अनुमान जताया कि यह तेंदुआ राजस्थान के सरिस्का से आया हो सकता है।